RANCHI : एक आदिवासी धाविका की सच्ची घटना पर आधारित फिल्म 'सोनचांद' की शूटिंग 20 मार्च से रांची में शुरू होगी। सोनचांद के लीड रोल के लिए झारखंड की माकी नाग का चयन किया गया है। माकी खूंटी जिले के अड़की प्रखंड के जोरको गांव की रहने वाली है जो बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातु के पास पड़ता है। उसके पिता लिटा मुंडा एक आदिवासी किसान हैं।

नौवीं क्लास की है स्टूडेंट

माकी प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय, अड़की में नवीं क्लास की छात्रा है और पहली बार अभिनय करेगी। माकी नाग का चयन सोशल मीडिया पर हुई रायशुमारी के बाद किया गया। यह जानकारी रविवार को फिल्म के निर्देशक रंजीत उरांव और निर्माता वंदना टेटे ने दी।

कलाकार का चयन करना चुनौती

फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, पुणे के स्नातक रंजीत उरांव ने बताया कि सोनचांद की भूमिका के लिए उपयुक्त कलाकार का चयन एक चुनौती थी। झारखंड, बंगाल और ओडिशा आदि जगहों में ऑडिशन के दौरान हमें इस किरदार के लिए कोई नहीं मिला। तब हमने अड़की प्रखंड जो हमारी फिल्म का मुख्य लोकेशन है, उधर के गांवों में ढूंढना शुरू किया। पहले दौर में हमने सोनचांद के लिए अड़की की पांच मुंडा आदिवासी लड़कियाें का चुनाव किया। इसके बाद पांचों को सोशल मीडिया पर डालकर लोगों की राय मांगी। इस कम्युनिटी रायशुमारी में 874 लोगों ने भाग लिया और सबसे ज्यादा 359 लोगों ने सोनचांद के लिए माकी को पसंद किया। अब देखना है कि वे इस रोल में कितनी खरी उतरती हैं।

प्रतिभागियों ने रैंप पर किया कैटवॉक

रविवार को एरोहेड क्रिएशंस ग्लोबल इंटरटेनमेंट की ओर से मिस्टर एंड मिस झारखंड के सेमीफाइनल राउंड का आयोजन किया गया था। प्रतिभागियों ने रैंप पर कैटवॉक कर अपना टैलेंट दिखाया। सेमीफाइनल में चयनित 24 प्रतिभागी (12 युवक और 12 युवतियां) 20 फरवरी को फाइनल राउंड में अपना जलवा दिखाएंगे।