- आचार संहिता के पालन में पिछड़ा निगम

- निगम की वेबसाइट में महापौर की अब भी फोटो

आगरा। चुनाव आचार संहिता का असर नगर निगम में दिख नहीं रहा है। निगम की वेबसाइट पर अब भी महापौर इंद्रजीत आर्य की फोटो लगी हुई है, जबकि उत्तर प्रदेश सरकार की साइट से मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की फोटो हटाई जा चुकी है। निगम की स्वयं की वेबसाइट पर अनदेखी आचार संहिता का खुला उल्लंघन है।

वापस लिए जा रहे लाभ

विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से सरकारी लाभ वापस लिए जा रहे हैं। इसमें सरकारी खर्च पर किसी तरह का विज्ञापन भी है। यही नियम को मानते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के आला अधिकारियों ने 'यूपी.जीओवी.इन' वेबसाइट से मुख्यमंत्री की फोटो और नाम दोनों हटा दिए। वहीं नगर निगम की वेबसाइट 'नगरनिगमआगरा.कॉम' में मेयर इंद्रजीत आर्य की फोटो अब भी दर्शायी जा रही है, जो सरकारी वेबसाइट में एक तरह से एक पार्टी विशेष का प्रचार है। इसे भी तत्काल हटाना चाहिए, लेकिन अभी अधिकारी नियमों की जानकारी लेने की बात कह रहे हैं।

गाड़ी भी छिनेगी

आचार संहिता के बाद सरकारी सुविधाएं भी वापस ले ली जाती है। इसमें बंगला और गाड़ी सहित अन्य सुविधाएं भी शामिल हैं। इसे देखते हुए महापौर आर्य की गाड़ी भी वापस निगम बुलाई जाएगी।

सड़कों से हटाए, पर वेब से भूले

नगर निगम प्रशासन ने आचार संहिता को मानते हुए ही सभी राजनीतिक दलों के बैनर-पोस्टरों को सड़कों से हटा दिया। इसमें उम्मीदवार से लेकर गैर उम्मीदवार तक शामिल हैं। लेकिन नगर निगम की वेबसाइट से एक दल के महापौर की फोटो हटाना भूल गए।