- करंट लगने के बाद हुई मजदूर की मौत

- परिजनों ने शव रख कर मुआवजे को लगाया जाम

आगरा। थाना खंदौली स्थित गांव नन्दलाल पुर रात मकान पर लेंटर डालने के दौरान मशीन में करंट आने से मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज न करने पर ग्रामीण सड़क पर उतर आए। आगरा अलीगढ़ मार्ग जाम कर दिया। भीड़ हटाने के लिए पुलिस ने लाठी चला दी। जिस पर ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर दिया।

लेंटर पर काम करने गया था

मूल रूप से राया मथुरा निवासी 28 वर्षीय त्रिवेंद्र पुत्र राधेश्याम वर्तमान में टेढ़ी बगिया प्रकाश पुरम में रह रहा था। वह ठेकेदार के साथ लेंटर मशीन पर काम करता था। मंगलवार की रात वह ठेकेदार केशव के साथ नंद लाल पुर में ओम प्रकाश के यहां काम करने गया था। काम खत्म होने के बाद वह ठेकेदार से हिसाब मांगने गया। परिजनों के मुताबिक ठेकेदार ने ओमप्रकाश से बात की।

तार डाल दिया मशीन पर

इसी के बाद उसका विवाद हो गया। परिजनों का आरोप है कि मालिक ने मशीन का तार निकाल कर गाड़ी पर फैंक दिया। एक तार प्लग में लगा रह गया जिससे गाड़ी में करंट आ गया। गाड़ी में त्रिवेंद्र बैठा था। उसे करंट लग गया। हॉस्पिटल में उसे मृत घोषित कर दिया।

वाहनों की लग गई लम्बी कतार

मौत के बाद परिजनों में गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने शव को आगरा अलीगढ़ मार्ग पर रख दिया और जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर सर्किल का फोर्स और पीएसी बल पहुंच गया। पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन भीड़ नहीं मानी। जाम के चलते वाहनों की लम्बी कतार लग गई। मार्ग पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया।

पुलिस पर किया लोगों ने पथराव

मृतक की पत्‍‌नी सड़क पर बैठी थी। पुलिस ने उसे खींच कर किनारे कर दिया। इस पर ग्रामीण भड़क गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव ले जाने का प्रयास किया लेकिन लोग इसके लिए तैयार नहीं थे। पुलिस ने जबरन शव उठाने का प्रयास किया तो लोग भड़क गए। इसी के बाद लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया।

पुलिस ने किया लाठी चार्ज

समझाने पर भी न मानने पर पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने भीड़ हटाने के लिए लाठी चार्ज कर दिया। लाठी चलते ही भीड़ तितर-बितर हो गई। भीड़ हटने के बाद शव को उठा कर पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया। इसी के बाद मार्ग सुचारु हो सका। मौके पर सीओ एत्मादपुर अभिषेक कुमार व एसडीएम एत्मादपुर अरुण कुमार पहुंच गए थे।

परिजनों को दिया आश्वासन

एसडीएम ने परिजनों को मुआवजा दिलाए जाने की बात की है। घटना के बाद से ठेकेदार व मकान स्वामी गायब चल रहे हैं। सीओ एत्मादपुर का कहना था कि उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। परिजनों के मुताबिक मृत के एक वर्ष का एक बेटा व दो माह की बेटी है। वह परिवार में अकेला कमाने वाला है। उसकी मौत के बाद पत्‍‌नी तारा की हालत खराब है।