- पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बिहारीगढ़ सहारनपुर से मोती की कार की बरामद

VIKASHNAGAR: कोतवाली पुलिस ने सोमवार को झिटाड़ निवासी मोती हत्याकांड में दोनों आरोपितों को नगर से गिरफ्तार कर लिया। निशानदेही पर मृतक मोती की कार बिहारीगढ़ सहारनपुर से बरामद की गई। कार के अंदर खून के निशान पाए गए हैं। आरोपितों ने मोती के साथ खाने-पीने के दौरान कहासुनी के बाद झगड़े की बात स्वीकार की है।

नशा करते हुए हुआ था झगड़ा

बीती 18 जनवरी को तारा सिंह पुत्र सूरतराम निवासी ग्राम झिटाणू थाना त्यूणी ने कोतवाली में तहरीर दी कि उनके 32 वर्षीय पुत्र मोती सिंह को उसकी कार सहित नदीम पुत्र नसीम निवासी नबावगढ़ थाना विकासनगर व अहसान पुत्र इखलाख निवासी नबावगढ़ विकासनगर ने अपहरण कर लिया है। जिसके आधार पर कोतवाली में अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक महेश जोशी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस ने दोनों आरोपितों को नगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार हत्यारोपियों नदीम पुत्र नसीम निवासी नबावगढ़ व अहसान पुत्र इखलाख निवासी नबावगढ़ ने पूछताछ में बताया कि 16 जनवरी को उन्होंने मोती सिंह के साथ मिलकर नबावगढ़ में एक निर्माणाधीन मकान के बरामदे में नशा किया था। इसी दौरान उनका मोती सिंह के साथ झगड़ा हो गया। दोनों ने मोती के सिर पर ईट से वार कर उसकी हत्या कर दी। शव को मोती सिंह की कार में ही रखकर शक्ति नहर में डाल दिया। साक्ष्य मिटाने के इरादे से कार को सहारनपुर के बिहारीगढ़ में छिपा दिया। आरोपितों की निशानदेही पर कार को बरामद कर उसका फॉरेंसिक परीक्षण कराया गया तो कार में खून के निशान पाए गए। इसके आधार पर आरोपितों के खिलाफ हत्या व साक्ष्य मिटाने की धाराएं बढाई गयी। दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया। कोतवाल महेश जोशी के अनुसार शव व सामान बरामदगी के लिए पुलिस ने न्यायालय से आरोपितों का सात दिन का पुलिस कस्टडी रिमांड का अनुरोध किया है।