RANCHI: कांके थाना क्षेत्र के मुरूम गांव में मंगलवार की रात दो गुटों के बीच हुए झड़प मामले में पुलिस कुछ उपद्रवियों को चिन्हित कर हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारी और समाज के बुद्धिजीवी लोगों द्वारा फिर से शांति का माहौल कायम करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं भारी संख्या में पुलिस बल के जवान मुरूम गांव में कैंप कर रहे हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस के अधिकारी शांति समिति की मीटिंग बुलाकर दोनों पक्ष को शांत करने में लगे हुए हैं।

मंगलवार रात हुआ था हंगामा

कांके थाना क्षेत्र के मुरूम गांव में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब दो लड़कों के बीच बाइक को लेकर विवाद के बाद दो गुट आमने-सामने हो गए थे। देखते-देखते दोनों गुटों के लोग एक-दूसरे के ऊपर पथराव करने लगे। इसके बाद उपद्रवियों ने दो बोलेरो, चार से अधिक बाइक, तीन दुकान और कई घरों में आग लगा दिया था। दो गुटों के बीच हुई हिंसा के बाद पुलिस जब तक हरकत में आयी तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उपद्रवियों ने पूरे गांव में उत्पात मचा रखा था। कई पुआल के ढेर पर आग लगाई गई। साथ ही कई घरों में तोड़फोड़ की घटना को भी अंजाम दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक अनीश गुप्ता मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। साथ ही अधिकारियों को कई दिशा-निर्देश दिए थे। फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर गांव में भारी संख्या में सुरक्षा बल की तैनाती की गई है, ताकि फिर से उग्र भीड़ किसी को निशाना ना बना सके।

डेढ़ दर्जन से ज्यादा लोगों पर छेड़खानी की शिकायत

कांके थाना क्षेत्र के मुरूम गांव में एक जनवरी को दो गुटों के बीच हुई झड़प के बाद पथराव और आगजनी की घटना को लेकर एक महिला ने एक गुट के डेढ़ दर्जन से ज्यादा लोगों पर छेड़छाड़, मारपीट और आगजनी करने की शिकायत कांके थाना में दर्ज कराई है। उसने घटना में शामिल लोगों पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

चाकू के बल पर छेड़छाड़

महिला ने कांके थाना में दिए अपने आवेदन में कहा है कि एक जनवरी की शाम 6.30 बजे मैं अपने घर के पास काम कर रही थी, तभी अचानक होचर गांव के बबलू अंसारी, एजाज अंसारी, मुबारक अंसारी, चांद अंसारी, रबानी अंसारी, ईदुल अंसारी, असगर अंसारी, हसन अंसारी व नसीम अंसारी ने आकर मेरे साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करनी शुरू कर दी। मेरे ऊपर चाकू सटाकर छेड़खानी भी की, साथ ही साथ मेरी बेटी के साथ छेड़छाड़, मारपीट और उसका दुपट्टा छीनकर उसे घायल कर दिया, तो मैं चिल्लाने लगी। इसी दौरान मेरी आवाज सुनकर गांव के सघन उरांव और संजरा उरांव बीच-बचाव करने आए। उन्हें भी मारकर एक हाथ तोड़ दिया और एक कान भी काट दिया।

एलान किया आग लगाने को

महिला ने कांके थाना में दिए आवेदन में कहा है कि एक गुट के लोगों द्वारा एलान कर दिया गया कि पूरे गांव को आग लगा दो, जिसके बाद थोड़ी देर में एक गुट के लोगों ने हरवे-हथियार से गांव पर हमला कर दिया और एक गुट के धार्मिक स्थल, झंडा और प्रशासन की गाड़ी को आग लगा दी। उसके बाद धनेश्वर महतो के घर को पत्थर से तोड़ दिया और शहाबुद्दीन अंसारी, अबजल अंसारी, तबारक अंसारी के घर और फिरोज अंसारी और मुख्तार अंसारी की दुकान में पेट्रोल बम से हमला कर आग लगा दी। साथ ही आसपास के सभी घरों, दुकानों और वाहनों को तोड़फोड़ दिया गया।

महिला ने इन्हें बनाया है आरोपी

मामले को लेकर महिला द्वारा कांके थाना में आवेदन देकर रिश्तेदार अंसारी, एजाज अंसारी, मुबारक अंसारी, रबानी अंसारी, अनीसुल अंसारी, चांद अंसारी, साजिद अंसारी, मुन्ना अंसारी, केइला अंसारी, जुल्फान अंसारी, शाहजहां अंसारी, बंधु अंसारी, हसन अंसारी, अलाउद्दीन अंसारी, जलील अंसारी, हसन अंसारी, गुड्डू अंसारी, अलाउद्दीन अंसारी सहित कई लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।