5 जनवरी को होगा समारोह

भारत के टेस्ट कप्तान विराट कोहली को बीसीसीआई ने गुरुवार को वर्ष 2015 का क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना। मध्यप्रदेश के जलज सक्सेना को बीसीसीआई ने वर्ष 2015 का सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर चुना। इन्हें 5 जनवरी को मुंबई में बीसीसीआई अवॉर्ड्स समारोह में नवाजा जाएगा। मिताली राज को वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर चुना गया। महेंद्रसिंह धोनी के अचानक संन्यास लेने की वजह से कोहली को टेस्ट कप्तानी संभालनी पड़ी थी। उनके मार्गदर्शन में भारत ने श्रीलंका की धरती पर 22 वर्षों बाद टेस्ट सीरीज जीतने में सफलता हासिल की। इसके बाद टीम ने नंबर वन दक्षिण अफ्रीका को टेस्ट सीरीज में 3-0 से हराया।

लाइफटसइम अचीवमेंट अवार्ड

पूर्व विश्व कप विजेता विकेटकीपर सैयद किरमानी को कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। कर्नाटक राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) को रणजी ट्रॉफी, इरानी कप और विजय हजारे ट्रॉफी खिताब जीतने के लिए साल का सर्वश्रेष्ठ एसोसिएशन चुना गया। कर्नाटक के ऑलराउंडर रॉबिन उथप्पा को सत्र में रणजी ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने के लिए माधवराव सिंधिया अवॉर्ड के लिए चुना गया। उन्होंने 11 मैचों में 50.66 की औसत से 912 रन बनाए। इसी प्रकार सबसे ज्यादा विकेट का पुरस्कार कर्नाटक के आर विनय कुमार और मुंबई के शार्दुल ठाकुर को संयुक्त रूप से प्रदान किया जाएगा। दोनों ने 48-48 विकेट लिए। जलज को लाला अमरनाथ अवॉर्ड से नवाजा जाएगा। उन्हें रणजी ट्रॉफी में दोहरे प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर चुना गया है।

सर्वश्रेष्ठ आलराउंडर

इसी प्रकार वडोदरा के दीपक हूडा को घरेलू वन-डे टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर चुना गया। उत्तरप्रदेश के अलमास शौकत को अंडर-23 कैटेगरी में सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुना गया। उन्हें एमए चिदंबरम ट्रॉफी से नवाजा जाएगा। इसी प्रकार पंजाब के अनमोलप्रीत सिंह को अंडर-19 और पंजाब के ही शुभम गिल को अंडर-16 वर्ग में वर्ष का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुना गया। ओ नंदन को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ अंपायर तथा महाराष्ट्र की देविका वैद्य को महिला वर्ग में सर्वश्रेष्ठ जूनियर क्रिकेटर चुना गया।

inextlive from Cricket News Desk

Cricket News inextlive from Cricket News Desk