- वोहरा को लेकर जयपुर भी गई टीम

- मकान मालिक से भी की गई पूछताछ

आगरा। सट्टा किंग श्याम वोहरा की पुलिस रिमांड का आज आखिरी दिन है। इन आठ दिनों में पुलिस ने वोहरा से बहुत कुछ उगल वाया है, जिसकी लिस्ट तैयार की गई है। वोहरा के बराबर ही सट्टे की दुनिया में अपना सिक्का चलाने वाले और भी खिलाड़ी पुलिस के रडार पर आ चुके हैं। जल्द ही उनकी धरपकड़ शुरू की जा सकती है।

और बड़े नाम आए प्रकाश में

रिमांड में हुई पूछताछ में वोहरा ने 45 नाम और पुलिस के सामने उगले हैं। इनमें से 20 नाम आगरा के हैं। सभी सट्टे के कारोबार से जुड़े बताए गए हैं। इसमें से कई सट्टा किंग की बराबरी के बताए जा रहे हैं। सभी सिटी की पॉश कॉलोनियों में रहने वाले हैं। अधिकतर कमला नगर के बताए जा रहे हैं। अब पुलिस इनकी प्रॉपर्टी की जानकारी कर रही है।

जयपुर में पुलिस ने की पड़ताल

सट्टा किंग ने पूछताछ में तीन-चार साल पहले जयपुर में होने की बात का खुलासा किया। पुलिस शुक्रवार को उसे लेकर जयपुर पहुंची। यहां पर पता चला कि वोहरा किराए के मकान में रहता था। उसके मकान मालिक से बात की, तो उन्होंने इस कारोबार से संबंधित जानकारी होने से इनकार कर दिया। वोहरा ने पुलिस को बताया कि वह यहां पर रहता था, लेकिन उसकी डीलिंग होटलों में होती थी।

आज रिमांड का अंतिम दिन

वोहरा की रिमांड का आज अंतिम दिन है। पुलिस ने आठ दिन की पूछताछ का पूरा खाका तैयार किया है। वोहरा की बताई हर जगह पर पुलिस ने पड़ताल की। वोहरा को सीढ़ी बनाकर पुलिस के निशाने पर कई खिलाड़ी आ गए हैं। अब पुलिस धीरे-धीरे सभी पर शिकंजा कसना शुरू करेगी। नए नाम आने के बाद सट्टे की दुनिया में खलबली मची हुई है।