CMP के सामने वोटिंग के दौरान पम्पलेट्स में लगायी आग, पुलिस के रोकने पर छोड़ा हाथ

माहौल बिगड़ने पर कुछ देर के लिए रोक दी गई वोटिंग

ALLAHABAD: मतदान के दौरान शुक्रवार को दिन में सीएमपी डिग्री के सामने पम्पलेट्स जलाए जाने को लेकर जमकर बवाल हुआ। बमबाजी हुई तो पुलिस ने लाठी पटकनी शुरू कर दी। इसके बाद कुछ देर के लिए वोटिंग बंद करा दी गई। आरएएफ के जवानों ने किसी तरह से स्थिति पर काबू पाया। इसके बाद किसी तरह से मतदान सम्पन्न कराया गया। पुलिस के लठियाने से चार छात्रों के चोटिल होने की खबर है।

रोकने पर डाला गिरेबां पर हाथ

इलाहाबाद यूनिवर्सिटी और उससे एफीलिएटेड कॉलेजेज में एक साथ शुक्रवार की सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ। प्रत्याशियों के समर्थक सीएमपी के सामने डटे हुए थे। कॉलेज के आसपास के पूरे इलाके की सड़क पम्पलेट से पटी पड़ी थी। दोपहर 12 बजे तक सब कुछ सामान्य था। सुरक्षा व्यवस्था भी चौकस थी। इसी दौरान कुछ उत्साही छात्रों ने गेट के बाहर पंपलेट्स में आग लगाना शुरू कर दिया। धुंआ उठने लगा तो हंगामे की स्थिति बन गई। एक पुलिसकर्मी ने आग लगाने वालों को डंडा दिखाते हुए हड़काया तो एक प्रत्याशी खुद पुलिसवाले से उलझ गया और हाथापाई कर लिया। मामला आगे बढ़ने पर पुलिसकर्मियों ने लाठी लेकर छात्रों को खदेड़ लिया। इसके बाद स्थिति विकट होती चली गई। कुछ ही दूर आगे जाने पर छात्रों ने बमबाजी करना शुरू कर दिया। इसके बाद स्थिति संभालने के लिए पुलिस ने लाठियां भांजनी शुरू कर दी। छात्रों को पुलिस ने गेट के आसपास से खदेड़ दिया। इससे भगदड़ की स्थिति बन गई। पुलिस ने आसपास स्थित दुकानों में शरण लेने वाले छात्रों को बाहर खींच लिया और लठियाया। इस स्थिति में बाद भीतर चल रहे मतदान को रोक दिया गया। करीब आधे घंटे बाद स्थिति संभली तो फिर से मतदान शुरू हुआ।