अब कर्जन पुल पर तमंचा सटाकर बाइक, कैश व मोबाइल लूटा

शुक्रवार को शिवकुटी एरिया में व्यापारी से लूटे थे तीन लाख

ALLAHABAD: फाफामऊ

शहर में लुटेरों की गैंग लोगों को अपना शिकार बना रही है। ये आधी रात को टारगेट की तलाश में निकलते हैं और जो भी सामने आया वह इनका शिकार बन जाता है। अभी तीन दिन पहले शिवकुटी एरिया में बदमाशों ने व्यापारी से तीन लाख कैश लूटा था। पुलिस इस मामले को खोल पाती इसके पहले रविवार रात एक और वारदात हो गई। फाफामऊ कर्जन पुल पर तमंचा सटाकर युवक से बाइक, कैश व मोबाइल लूट लिया गया।

पुल पर घेरकर रोका

शांतिपुरम के रहने वाले राज नारायण सिंह पुत्र जगत रविवार की शाम किसी काम से शहर आए थे। काम समाप्त कर रात में वह बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह फाफामऊ स्थित कर्जन पुल पर पहुंचे, पीछे से आए कुछ बाइक सवार बदमाशों राज को तमंचा लहराते हुए बाइक रोकने को कहा। इतना देख उसने बाइक रोक दी। इसके बाद बदमाशों ने तमंचा सटाकर राज का मोबाइल, पर्स में रखा करीब पन्द्रह हजार रुपए और उनकी मोटर साइकिल लूट ली और भाग निकले।

राहगीरों से ली मदद

कुछ दूर आगे जाने के बाद राह चलते लोगों से मोबाइल लेकर घटना की जानकारी पुलिस को दी। उधर क्षेत्र में लूट की वारदात की जानकारी मिलते ही शिवकुटी व सोरांव थाने की पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। राज ने पुलिस को आप बीती सुनाई। इसके बाद पुलिस ने कांबिंग की। लेकिन बदमाशों को खोजने में नाकाम रही। सोरांव पुलिस ने राज नारायण की तहरीर पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।

लक्ष्मी चौराहे पर हो चुकी है लूट

नवाबगंज के रहने वाले मनीष कुमार जायसवाल पुत्र ओम प्रकाश की बाइक शहर स्थित लक्ष्मी चौराहे पर बदमाश लूट ले गए थे। मनीष भी किसी काम से शहर आए थे और रात को घर लौट रहे थे। इसी दौरान बदमाशों के शिकार बन गए। मनीष ने रविवार रात कर्नलगंज थाने में लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई।

महिला से चेन छिनैती

कोतवाली थाना क्षेत्र के सूरज कुण्ड के निकट बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के साथ चेन छिनैती की वारदात को अंजाम दिया। घटना उस वक्त की है जब वह अपने पति के साथ घर जा रही थी। बादशाही मंडी के रहने वाले ऋषि राज ओझा पुत्र आर पी ओझा अपनी पत्नी के साथ सिविल लाइंस आए थे। वापसी के वक्त जब दोनों सूरज कुण्ड के निकट पहुंचते थे। तभी पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने महिला के गले से चेन छिन लिया और फरार हो गए। घटना के बाद पति की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

स्केच जारी, पर सफलता नहीं

शिवकुटी थाना क्षेत्र के रेड ईगल डिवीजन के निकट चार दिन पहले बदमाशों ने करीब तीन लाख पैतीस हजार रुपए की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। गद्दोपुर में शशांक सिंह का पेट्रोल पम्प है। शुक्रवार की शाम मैनेजर छोटेलाल पैसों से भरा बैग लेकर शहर आ रहें थे। तभी जोगिंदर सिंह स्टेडियम के सामने बदमाशों ने लूट की इस वारदात को अंजाम दिया था। इस बड़ी घटना के बाद पुलिस ने बाइक में पीछे बैठे एक बदमाश का स्केच जारी किया है। मगर अभी तक पुलिस के हाथ लूटेरे हाथ नहीं लगे है।