- अखिलेश-राहुल के रोड शो में शामिल भीड़ पर एक घर से पत्थर फेंकने का आरोप, घर पर बीजेपी का झंडा लगा देख बढ़ी बात

-चौकाघाट में हुई घटना के बाद पुलिस ने संभाले हालात, चौक, चित्रा व बांसफाटक पर भी कार्यकर्ताओं में हुई नोकझोंक

VARANASI

शनिवार को पीएम मोदी और गठबंधन यानि सपा कांग्रेस के संयुक्त रोड शो के दौरान दोनों पार्टियों के समर्थक कई बार आमने सामने हुए। संयुक्त रोड शो में चौकाघाट के पास एक मकान से पत्थर फेंकने की घटना ने चुनावी माहौल को गर्म कर दिया। इसे लेकर रोड शो में शामिल सपा व कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हंगामा करना शुरू कर दिया। हालांकि इस दौरान साथ चल रही पुलिस ने पत्थर फेंके जाने वाले मकान की छत पर घेराबंदी कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। जिस घर से पत्थर फेंकने का आरोप लगाया गया उस पर बीजेपी का झंडा लगा होने की बात सामने आयी है।

पुलिस ने घेरा मकान

सिटी में अखिलेश-राहुल का रोड शो विभिन्न रास्तों से होता हुआ चौकाघाट पानी टंकी से कुछ पहले ही पहुंचा था। इसी बीच यहां एक मकान से रोड शो में शामिल भीड़ पर पत्थर फेंकेगए। रोड शो में शामिल समर्थकों को पहले तो समझ नहीं आया कि यह क्या हो रहा है। लेकिन पत्थर फेंके जाते रहे। इससे रोड शो के दौरान स्थिति बिगड़ने लगी। इस पर पुलिस के जवानों ने जिस मकान से पत्थर आ रहा था वहां जाकर मोर्चा संभाल लिया। इसके बाद पत्थरबाजी बंद हो गयी। आरोप है कि इस मकान में बीजेपी का झंडा लगा हुआ था और बीजेपी कार्यकर्ता ही पत्थर फेंक रहे थे। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं शहर के दूसरे इलाकों में भी सपा- कांग्रेस गठबंधन के कार्यकर्ता व भाजपा कार्यकर्ता भिड़ गए। बांसफाटक, चौक, नीचीबाग, चित्रा पर तब हड़कंप मच गया जब पीएम कालभैरव दर्शन करने के बाद इन रास्तों से वापस बीएचयू जाने लगे। यहां पीएम के काफिले को देखते ही सपाइयों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मोदी के विरोध में खूब नारे लगाये।