RANCHI: वार्ड में जब नई पार्षद आई तो लोगों को लगा कि इलाके की सूरत बदलेगी। काम भी शुरू हुआ और तस्वीर बदलने लगी। लेकिन कुछ दिनों में ही सड़कों-नालियों की हालत खराब होने लगी। वहीं सफाई व्यवस्था की पोल खोलने के लिए कूड़े का ढेर ही काफी है। लोगों का वहां से गुजरना भी मुश्किल हो गया है। अब लोग इस उम्मीद में हैं कि इस साल वार्ड की तस्वीर कुछ बदलेगी। परिसीमन के बाद हरमू नदी ढोड़ा नाला, हरमू बाइपास रोड में इरगू मोड़ से मुक्ति धाम हरमू नदी, अभिमन्यु चौक के पास डोगरा सैलून गली मोड़ से कैलाश मंदिर रोड के अंतिम नाला तक, नाला के किनारे काशी चौरसिया गली से शिव मंदिर काली मंदिर ढोड़ा नाला पुलिया तक वार्ड 27 का विस्तार हो गया है।

पानी

पानी की समस्या तो हर जगह है, लेकिन जब सामने चापानल हो और कई महीनों से खराब हो तो लोगों का गुस्सा बढ़ना लाजिमी है। कुछ ऐसी ही हालत वार्ड 27 की है। जिसके अधिकतर चापानल खराब पड़े हैं। हालत यह है कि नगर निगम के लोग इसे बनाने भी नहीं आते।

नाली

नालियों की हालत भी कुछ ठीक नहीं है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ये नालियां हर हफ्ते ओवर फ्लो हो रही हैं। इससे लोगों का सड़क पर चलना भी मुश्किल हो गया है। दिखावे के लिए कचरा निकालकर छोड़ दिया जाता है। उठाव नहीं होने से वापस नालियों में कूड़ा चला जा रहा है।

सड़क

वार्ड की हालत सुधरने की लोगों को उम्मीद थी। लेकिन आजतक सड़कों की हालत पहले की ही तरह है। हां, कुछ सड़कों को थोड़ा चकाचक किया गया। वह भी कुछ दिनों बाद उखड़ने लगी हैं। अब सड़कों में कई जगहों पर गढ्डे हादसों को दावत दे रहे हैं।

वार्ड बोलता है

नालियां तो आजतक दुरुस्त नहीं हो पाई। जैसे-तैसे नालियों का निर्माण तो करा दिया पर सफाई पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। पार्षद को भी इससे कोई लेना-देना नहीं है। परेशानी तो हमें झेलनी पड़ रही है।

मो। नसीम

नाली के अलावा रोड भी ठीक नहीं है। ऊपर से बिजली के झूलते तारों से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। कभी बड़ी गाड़ी आ जाए तो तार में ही फंस जाती है। उस वक्त रोड भी जाम हो जाता है।

मो। असलम

रोड व नाली के बारे में नहीं पूछे तो ही अच्छा रहेगा। सालों बीत गए पर नाली नहीं बन सकी। अब तो पार्षद से भी हमारा भरोसा उठ गया है। इस बार देखते हैं कि हमारे वार्ड की सूरत बदलती या फिर पहले जैसी ही रहेगी।

नदीम आलम

जवाब दो पार्षद जी

डीजे आईनेक्स्ट: नालियों की हालत सबसे ज्यादा खराब है। लेकिन आपकी ओर से कोई पहल नहीं हुई?

जवाब : हमारे वार्ड में नालियां बनी हैं और उसकी स्थिति ठीक है। सफाई भी रेगुलर हो रही है। कुछ लोग कचरा डालते हैं, तो परेशानी होगी ही। इसकी भी मानिटरिंग की जाएगी।

डीजे आईनेक्स्ट: वार्ड में मेकेनाइज्ड क्लीनिंग होती है। इसके बावजूद कचरा जमा है?

जवाब : सफाई के लिए गाडि़यां तो आती हैं। कुछ लोग डस्टबिन में कचरा नहीं डालते हैं। इस वजह से ही गंदगी है।

डीजे आईनेक्स्ट : बिजली के तार सिर पर झूल रहे हैं। इसे हटाने के लिए आप क्या कर रही हैं?

जवाब : खंभे सड़कों के किनारे लगाए जा रहे हैं। इसके बाद तार की ऊंचाई भी बढ़ जाएगी और केबलिंग के बाद जाल हट जाएगा।

डॉ। साजदा खातून, पार्षद, वार्ड-27