-देर रात्रि सदर थानाक्षेत्र की घटना, फायर बिग्रेड ने पाया आग पर काबू

Meerut : सदर थाना क्षेत्र में देर रात कबाड़ के एक गोदाम में संदिग्ध हालात में आग लग गई। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की कई गाडि़यों ने घंटो मशक्कत के बाद आग बुझाई, हालांकि तब तक गोदाम में रखा लाखों का माल खाक हो चुका था। गोदाम के मालिक ने निकट ही रहने वाली महिला पर गोदाम में आग लगाने का आरोप लगाया है।

देर रात्रि लगी आग

घटनाक्रम के मुताबिक मछेरान निवासी शहजाद पुत्र शराफत का क्षेत्र में ही कबाड़ का गोदाम है। देर रात करीब दो बजे गोदाम से आग की लपटें उठती देख क्षेत्र के लोगों में खलबली मच गई। आसपास के लोगों ने उठ रही लपटों को शांत करने के लिए बाल्टियों में पानी भरकर आग पर फेका किंतु सफलता नहीं मिली। शहजाद और फायर बिग्रेड को घटना की जानकारी दी। इसी बीच शहजाद गोदाम को आग में घिरा देख बदहवास हो गया और आग में कूदने को तैयार हो गया। क्षेत्र के लोगों ने किसी प्रकार उसे समझा कर अलग किया।

सबकुछ हो गया जलकर खाक

पूरे गोदाम को आग की लपटों ने अपनी चपेट में ले लिया। एक के बाद एक मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की पांच गाडि़यों ने घंटो की मशक्कत के बाद आग बुझाई। लेकिन तब गोदाम का अधिकांश खाक हो चुका था। गोदाम मालिक शहजाद ने आग में आठ लाख का नुकसान होने की बात कही है। उसने क्षेत्र की निवासी महिला एवं एक पुरुष पर गोदाम में आग लगाने का आरोप लगाया। आरोप है कि महिला के क्रियाकलापों का विरोध करने पर उसने रंजिशन गोदाम में आग लगा दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।