RANCHI: दिल्ली के मालवीय नगर के एक व्यवसायी को मोबाइल फोन से धमकी देने के मामले की छानबीन के सिलसिले में दिल्ली पुलिस का कांस्टेबल विजित कुमार रांची में है। उसने चान्हो पुलिस के सहयोग से चमरंगा गांव जाकर छानबीन की तो पता चला कि जिस मोबाइल नंबर से धमकी दी गई थी, वह एक महिला के नाम से है। पुलिस ने जब पूछताछ की तो उसने एक साल पहले मोबाइल फोन के जंगल में खो जाने की बात कही। इसके बाद पुलिस टीम वापस लौट गई।

तीन महीने पहले दी थी धमकी

मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के उक्त व्यवसायी को तीन महीने पहले मोबाइल फोन से जाम से मार देने की धमकी मिली थी। इस बाबत व्यवसायी ने मालवीय नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जब पुलिस ने मोबाइल पोन का लोकेशन सर्विलांस में तलाशा तो वह रांची के चान्हो एरिया का निकला। इसके बाद ही दिल्ली के मालवीय नगर थाने की टीम चान्हो आई थी।

फरार आरोपी के घर की कुर्की-जब्ती

चिटफंड घोटाले के आरोप में फरार महिला विभा सिंह के डिमना रोड राजीव पथ स्थित घर की उलीडीह थाने की पुलिस ने सोमवार को मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में कुर्की-जब्ती की। पुलिस घर का सारा सामान जब्त कर साथ ले गई। इस दौरान बस्ती की महिलाओं की भीड़ आवास पर लगी रही। उलीडीह थाना प्रभारी सुषमा कुमारी ने बताया विभा सिंह और उसके देवर संजय के खिलाफ चिटफंड खेल के नाम पर 42 लाख रुपये की ठगी किये जाने का आरोप लगाते हुए अनिल कुमार ने मामला दर्ज कराया था। इसी तरह अन्य लोगों ने भी शिकायत दर्ज कराई थी। संजय सिंह ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था। विभा सिंह भी कोर्ट में सरेंडर करने वाली थी, लेकिन सोमवार को कोर्ट बंद होने के कारण वह ऐसा नहीं कर पाई। पुलिस ने सोमवार को कुर्की कर दी।