RANCHI: राजधानी में लगातार बारिश हो रही है। इससे शहर में सफाई व्यवस्था प्रभावित हो गई है। कई इलाकों में तो वेस्ट का उठाव ही बंद हो गया है। नतीजन, शहर में कचरे का अंबार लग गया है। वहीं बारिश के कारण स्थिति और भी नारकीय होती जा रही है। ऐसे में लोगों का सांस लेना भी मुश्किल हो गया है। अगर जल्द ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की जाती है तो शहर में महामारी वाली स्थिति हो जाएगी।

डोर टू डोर कलेक्शन भी प्रभावित

शहर को साफ रखने के लिए डोर टू डोर कलेक्शन शुरू किया गया था। ताकि कचरा कहीं भी रोड पर न फेंका जा सके। लेकिन हाल के दिनों में डोर टू डोर कलेक्शन भी प्रभावित हो गया है। वहीं बारिश के कारण लोग भी कचरा लेकर घरों से निकल नहीं पा रहे हैं। इस वजह से कई लोगों के घरों में ही कचरा पड़ा हुआ है। वहीं कई लोग अपने घरों का कचरा रोड पर फेंक रहे हैं। लेकिन निगम की गाडि़यां भी यह कचरा नहीं उठा रही हैं। अब तो कचरे का उठाव नहीं होने के कारण बदबू से लोग परेशान हो गए हैं।

200 गाडि़यां व 2100 स्टाफ भी कम पड़े

सिटी में सफाई व्यवस्था के लिए 2100 स्टाफ लगे हुए है। जिसमें मजदूर से लेकर सुपरवाइजर और ड्राइवर भी शामिल है। वहीं 200 के करीब गाडि़यों को भी सफाई के काम में लगाया गया है। इसके बावजूद शहर में सफाई का हाल बहुत खराब है। जबकि इस साल स्वच्छता सर्वे में रांची को देशभर में 21वीं रैंकिंग मिली है।