- कॉलेज में ही मिला शव, अंदर से बंद था गेट

- शरीर पर थे गंभीर चोट के निशान, फर्श पर खून के धब्बे मिले

केस दर्ज कर शव को कब्जे में ले लिया
Gorakhpur@inext.co.in
GORAKHPUR: खजनी इलाके के महुआडाबर स्थित हरिद्वार प्रसाद सावित्री देवी कन्या इंटर कॉलेज के चौकीदार हुबलाल (60) की हत्या कर दी गई। गुरुवार की सुबह कॉलेज के अंदर उनका शव मिला। कपड़े का एक सिरा गर्दन में लपेटा था और दूसरा दरवाजे के हैंडिल से बांधा गया था। नाजुक अंगों पर भी गंभीर चोट थे। दूरी तक फर्श पर खून के धब्बे थे। पुलिस ने मृत व्यक्ति की बेटी की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर शव को कब्जे में ले लिया।

पिता का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ
इंटर कॉलेज में खजनी के महुआडाबर गांव निवासी हुबलाल चौकीदारी करते थे। बुधवार की रात में वह कॉलेज आए थे। फिर घर नहीं लौटे। गुरुवार की सुबह देरी होने पर बेटी गुडि़या कॉलेज पहुंच गई। गेट अंदर से बंद था। आवाज देने पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। गुडि़या सीढ़ी लगाकर दीवार के माध्यम से अंदर दाखिल हुई तो पिता का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था। वह चीख पड़ी। शोर सुनकर आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। फिर पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। शव देखकर घरवालों ने हत्या की आशंका जताई।

परिवार में चल रहा था जमीनी विवाद
वहीं, ग्रामीणों के मुताबिक चौकीदार का परिवार में बेटों से जमीनी विवाद की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि चौकीदार अपनी किसी जमीन को बेचना चाहता था। जबकि इसपर उसके बेटे तैयार नहीं थे। इसे लेकर आपस में कई बार विवाद भी हो चुका है। वहीं, हत्या में चौकीदार के नाजुक अंग पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस का मानना है कि हत्यारों ने केस को दूसरी तरफ मोड़ने के लिए ऐसा किया होगा। ताकि घटना स्थल देख इसे आशनाई में हुई हत्या समझा जाए। हालांकि हत्या के पीछे पारिवारिक जमीनी विवाद की बात सामने आ रही है। एसओ खजनी दिनेश मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।