RANCHI: सिटी को स्वच्छ व सुंदर बनाने के लिए रांची नगर निगम तरह-तरह के आइडिया इंप्लीमेंट कर रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को हरिओम टावर के पास स्मार्टबीन लगाया गया। इस स्मार्टबीन का उद्घाटन नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि सिटी को स्वच्छ बनाना हर किसी की जिम्मेवारी है। मौके पर मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, असिस्टेंट हेल्थ ऑफिसर डॉ। किरण कुमारी, सिटी मैनेजर संदीप के अलावा कई अन्य मौजूद थे।

 

स्मार्ट सिटी के लिए पहल

सिटी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए रांची नगर निगम तरह-तरह के आइडिया इंप्लीमेंट कर रहा है। इसके तहत पहले ही सिटी में खुले में टॉयलेट जाने वालों को अवेयर करने के लिए अलग-अलग मैसेज देने वाले पोस्टर लगाए गए थे। अब इस नए आइडिया से लोगों को डस्टबीन का इस्तेमाल करने के लिए अवेयर किया जा रहा है ताकि लोग पानी का बोतल और केन का इस्तेमाल करने के बाद मशीन में डालें।

 

चर्च कांप्लेक्स व अल्बर्ट एक्का चौक पर भी लगेगी मशीन

सिटी मैनेजर ने बताया कि स्वच्छता सर्वे शुरू होने वाला है। इसके लिए हमने अभी से ही तैयारी शुरू कर दी है। लेकिन लोगों को भी इसके लिए अपग्रेड होना पड़ेगा, तभी सिटी को साफ-सुथरा रखा जा सकेगा। इसी कड़ी में स्मार्ट डस्टबीन तीन जगहों पर लगाई जाएगी। इसमें एक डस्टबीन चर्च कांप्लेक्स फुट ओवर ब्रिज, दूसरा अल्बर्ट एक्का चौक हाइ मास्ट लाइट और हरि ओम टावर में लगाने की योजना है। इसमें हरिओम टावर में मशीन का इंस्टालेशन हो चुका है।