- लोगों की शिकायत पर भी नही जाग रहा नगर निगम प्रशासन

- सफाईकर्मी नहीं पहुंचने से वार्ड 4 शुगर फैक्ट्री का बुरा हाल

BAREILLY:

एक ओर नगर निगम के अफसर बरेली को स्मार्ट सिटी बनाने की योजनाओं को अमली जामा पहनाने की बात कर रहे हैं तो दूसरी ओर शहर के कई इलाके ऐसे हैं, जहां लोग सफाई जैसी बुनियादी सुविधा को तरस रहे हैं। वार्डो में न तो पानी की निकासी के इंतजाम हैं और न ही सफाई कर्मचारी नियमित पहुंचते हैं। इसके चलते लोगों को गंदगी और जलभराव के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर के वार्ड नंबर 4 शुगर फैक्ट्री का भी यही हाल है। वार्ड की तमाम गलियों में जलभराव और गंदगी के कारण लोगों का सड़क चलना तक मुश्किल है। फ्राइडे को दैनिक जागरण आईनेक्स्ट की टीम अपने कैम्पेन के तहत वार्ड 4 में पहुंची तो वहां के हालात चौंकाने वाले थे। पढि़ए रिपोर्ट

स्कूल में बना तालाब

वार्ड नंबर 4 में स्थित प्राथमिक विद्यालय में करीब 120 स्टूडेंट्स रजिस्टर्ड हैं। जलभराव के चलते स्कूल के बाहर ग्राउंड ने तालाब का रूप ले लिया है। वहां पर मच्छरों की भरमार है। आस पास के लोगों ने बताया कि गंदगी की वजह से कई बच्चे बीमार भी पड़ गए। लेकिन नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग को इस बात से भी कोई फर्क नही पड़ता।

खुद डाल रहे है पत्थर

वार्ड की गलियों में गंदगी कीचड़ की भरमार है। कीचड़ को साफ करना तो दूर कोई भी देखने तक नहीं आता। कीचड़ और गंदगी से निजात पाने के लिए लोगों ने खुद ही गली में ईंटें बिछाना शुरू कर दिया है। कई बार उन्होंने इस बात की शिकायत भी की लेकिन कोई सुनने वाला ही नही है।

घर में आ रहे हैं कीड़े

वार्ड 4 के चर्च वाली गली में महीने बीत जाते हैं लेकिन कोई सफाईकर्मी सफाई करने नही आता है। सड़कें गंदगी से पटी हैं और नालियों के कीड़ों ने घरों में घुसना शुरू कर दिया है। लोगों ने बताया कि घर में सफाई करने के थोड़ी देर बाद ही नालियों के कीड़े घर में घुमते दिखाई देते हैं। गली की सभी नालियां बुरी तरह से चोक हैं।

वर्जन

गली में पानी भरे कई महीने हो गए। इससे बीमारियां फैल रही हैं। न तो नगर निगम का कोई सफाईकर्मी यहां सफाई करने आता है और न ही अधिकारी यहां के हालात देखने आते हैं। पता नहीं कब तक इस नरक में रहेंगे।

लाल मोहन गुप्ता, शुगर फैक्ट्री एरिया

स्कूल में करीब 120 बच्चे पढ़ते हैं। लेकिन ज्यादातर बच्चे गंदगी और जलभराव के कारण स्कूल नहीं जा पाते हैं। मच्छरों की भरमार है, जिससे घरों के अंदर सोना भी दुश्वार हो गया है। नगर निगम यहां फागिंग तक नहीं करवा रहा है।

सलीम खान, शुगर फैक्ट्री एरिया

सभी नालियां बुरी तरह से चोक पड़ी हैं। महीनों बीत गए आज तक कोई सफाई करने नही आया। शिकायत कर करके थक चुके हैं। कहां जाए कुछ समझ नही आता।

मीना, चर्च वाली गली

पता नहीं शहर कैसे स्मार्ट बन रहा है। जहां बड़े लोग रह रहे हैं केवल वहीं शहर स्मार्ट बन रहा है। यहां तो सफाई तक नहीं होती है।

आशा रॉबिंसन, चर्च वाली गली

वार्ड में करीब 25 हजार आबादी है और सफाईकर्मी केवल 17 हैं। ये सफाईकर्मी पूरे वार्ड में सफाई नहीं कर पाते हैं। कई बार शिकायत की लेकिन कोई फायदा नही हुआ।

डालचंद्र, पार्षद पति