-फ्राइडे रात हुई बारिश से और बिगड़ गए संजय नगर के हालात

- 130 एमएम बारिश से जलमग्न हुए शहर के कई इलाके

BAREILLY:

जलभराव का दंश झेल रही संजय नगर के हालात फ्राइडे रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद और बिगड़ गए। कई घरों के अंदर बारिश का पानी भर गया और लोगों को छत पर बसेरा करना पड़ा। छत पर पॉलीथिन तानकर किसी तरह लोग गुजर बसर करने को मजबूर हैं। इसे अलावा शहर के कई और निचले इलाकों में भी जलभराव के कारण जनजीवन बेहाल है। आलम यह है कि घरों के अंदर पानी भरने से खाना पकाना तक मुश्किल हो गया है। हैंडपंप तक पानी से डूब गए हैं जिसके चलते लोगों को पीने के पानी के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। वहीं बारिश होने से नगर निगम के अधिकारी भी मुश्किल में पड़ गए हैं।

खाना पकाना भ्ाी मुश्किल

जलभराव से लोगों के घरों का इतना बुरा हाल हो गया है कि पूरे घर में पानी ही पानी है। कमरों के अंदर पानी भरा तो लोगों ने जरूरी सामान घर की छतों पर ले जाकर रख लिया। खाना बनाने तक की कोई जगह नहीं बची है। महिलाओं को खाना बनाने के लिए भी परेशानियों का समाना करना पड़ रहा है। पानी इतना है घरों मे बना पूजा घर तक पानी पहुंच गया है।

बढ़ा हादसों का खतरा

जलभराव के कारण हादसों के चांस बढ़ गए हैं। संजय नगर में तालाब और सड़क एक जैसे हो गए है। लोगों को यही समझ नहीं आ रहा है कि तालाब कहां है और सड़क कहां। ऐसे में लोगों का कहना है कि अगर यहां का पानी नहीं निकला तो इस तालाब में कोई भी गिर सकता है और बड़ा हादसा हो सकता है। वहीं दूसरी ओर सुभाषनगर पुलिया का भी यही हाल है। पुलिया के नीचे जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के कारण सड़क और नाले का अंदाजा लगा पाना भी मुश्किल हो गया है, इसके चलते यहां हादसे का खतरा बढ़ गया है।

हालात देखने पहुंचे नगर आयुक्त

तमाम कोशिशों के बाद भी नगर निगम के अफसर संजय में हुए जलभराव की समस्या का समाधान नहीं कर पा रहे हैं। नाला खुलवाने के बाद पानी निकासी के लिए पंप लगवाए गए, लेकिन फ्राइडे रात हुई तेज बारिश से हालात फिर बिगड़ गए। सैटरडे को नगर आयुक्त राजेश श्रीवास्तव ने संजय नगर पहुंचकर इलाके का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर निगम के अफसरों को लगातार पंप चलवाकर पानी निकलवाने के निदर्1ेश दिए।

12 घंटे में हुई 130 एमएम बारिश

वेदर एक्सपर्ट के मुताबिक फ्राइडे रात को इस सीजन की सबसे तेज बारिश हुई है। कुल 130 एमएम बारिश ने पूरे शहर को पानी पानी कर दिया। फ्राइडे रात 1:00 बजे से सुबह 8:30 बजे तक 77.6 एमएम और सुबह 8:30 बजे से लेकर दोपहर तक 52.4 एमएम बारिश हुई। अगले 24 घंटे और तेज बारिश की संभावना है।

पानी निकालने के लिए लगातार पंप चलवाए जा रहे हैं। कोशिश है कि पूरी रात में सभी पानी निकाल दिया जाए।

राजेश श्रीवास्तव, नगर आयुक्त