इंवेस्टिगेशन न्यूज

- लाइसेंस जारी करने वाले नगर निगम में ही सप्लाई किया जा रहा अवैध आरओ प्लांट का पानी

- अधिकारियों को मालूम ही नहीं कि प्लांट अवैध है या वैध, कह रहे शुद्ध पानी दे रही फैक्ट्री


BAREILLY: अवैध आरओ कैंपर का कारोबार न सिर्फ शहरवासियों बल्कि नगर निगम तक फैला हुआ है। हैरत यह कि अवैध आरओ कैंपर की जानकारी होने के बाद भी नगर निगम के अधिकारी खामोश हैं। इसी अवैध यानि अनअप्रूव्ड पानी को प्रतिदिन मेयर, नगर आयुक्त समेत नगर निगम के सभी विभागों के कर्मचारी पी रहे हैं। साथ ही, वहां पहुंचने वाले रसूखदार फरियादियों को भी यही पानी पिलाया जा रहा है। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने फ्राइडे को जब मामले को इंवेस्टीगेट किया तो कई आश्चर्य करने वाली बातें सामने आईपढि़ए

 

जानकर भी बने हैं अंजान

आरओ कैंपर से पानी की सप्लाई करने वाली फैक्ट्री का रजिस्ट्रेशन नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग का वैक्सीनेशन डिपार्टमेंट करता है। जहां अब तक महज 7 ही रजिस्ट्रेशन हैं जिनका कॉन्टीन्यू रिन्यूवल हो रहा है। जानकारों के मुताबिक नगर निगम में पानी की सप्लाई करने वाली फैक्ट्री अवैध है। फैक्ट्री ओनर की नगर निगम के अधिकारी और 'जनप्रतिनिधियों' से सांठगांठ होने के चलते पानी सप्लाई का ठेका मिला है। सवाल उठता है कि अवैध कब्जे, अतिक्रमण व अन्य अवैध निर्माण को ध्वस्त करने वाले नगर निगम प्रशासन को क्या इस अवैध आरओ कैंपर 'अक्वास्टार' फैक्ट्री के अवैध होने की जानकारी का पता नहीं होगा?

 

उप सभापित की है सिफारिश

मामले में जब खोजबीन की गई तो नाम प्रकाशित न करने की शर्त पर एक कर्मचारी ने बताया कि करीब माह भर पहले ही इस फैक्ट्री के पानी की सप्लाई नगर निगम में शुरू हुई है। जो कि उपसभापति अतुल कपूर के करीबी की फैक्ट्री है। जिनकी सिफारिश पर ही इस फैक्ट्री को पानी की सप्लाई का ठेका मिला है। जिसकी सप्लाई के प्रतिदिन के लिहाज से अच्छा खासा बजट तय हुआ है। एक कैंपर जो महज 10 रुपए प्रतिदिन के हिसाब से सप्लाई होता है वह नगर निगम में 15 रुपए के हिसाब से सप्लाई कर रहा है। ऐसे में नगर निगम को महंगा पानी खरीदना पड़ रहा है।

 

कहीं फ्रॉड तो नहीं है कंपनी

टीम ने फैक्ट्री की लोकेशन और उसके ओनर से बात करने की कोशिश की तो कै पर पर चस्पा सभी कॉन्टैक्ट नंबर्स स्विच ऑफ मिले। फिर नाजिर सर्वजीत से संपर्क साधा उन्होंने विजिटिंग कार्ड दिखाया। जिस पर अन्य दो नंबर्स लिखे थे। वह भी स्विच ऑफ मिले। वहीं, मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि आए दिन कई बैंकों से एजेंट नगर निगम पहुंचते हैं। और अक्वास्टार ब्रांड का पानी सप्लाई करने वाले ओनर की डिटेल पूछते हैं। बताया जाता है कि पानी सप्लाई करने वाली इस फैक्ट्री के ओनर पर कई बैंकों का लोन है जिसकी भरपाई वह नहीं कर रहा है।

 

अवैध पानी का जाल एक नजर में

- 7 आरओ फैक्ट्री को ही जारी हैं लाइसेंस

- 200 से अधिक फैक्ट्री हैं अवैध

- 1 अवैध फैक्ट्री पर हुई है कार्रवाई

- 7 डिपार्टमेंट हैं नगर निगम में

- 25 से अधिक कैंपर हो रहे सप्लाई

- 15 रुपए है 1 कैंपर पानी का चार्ज

- 4 सौ रुपए प्रतिदिन का है व्यय बजट

 

पहले पानी सप्लाई कर रही कंपनी का पानी ठीक नहीं था। लोगों ने इसे बेहतर बताया तो सप्लाई का ऑर्डर दिया। लाइसेंस जारी होने का पता नहीं। मामला संज्ञान में आया है जानकारी करेंगे अवैध होगी तो कार्रवाई की जाएगी।

ईश शक्ति कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त

 

फैक्ट्री ओनर से मेरा कोई लेना देना ही नहीं है। मैं उसे जानता ही नहीं। जबरन बदनाम किया जा रहा है। कई लोग मेरे पास आते हैं अपना काम कराने के लिए लेकिन किसी की सिफारिश नहीं करता।

अतुल कपूर, उपसभापति