RANCHI: रिम्स में चारों ओर अव्यवस्था का आलम है। कहीं मरीज गर्मी से परेशान है तो कहीं पानी नहीं आ रहा है। अब आर्थो डिपार्टमेंट के वार्ड में मरीजों के सामने एक नई समस्या खड़ी हो गई है। जहां सी 2 वार्ड में दीवारों से पानी का रिसाव हो रहा है। तेजी से रिसाव के कारण वार्ड में पानी भर गया है। स्थिति यह है कि अगर ध्यान नहीं दिया तो मरीज और उनके परिजनों का हाथ-पैर भी टूट सकता है। इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को भी दी गई। लेकिन उनके कानों पर जूं तक नहीं रेंग रहा है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि हास्पिटल में आने वाले मरीजों की परेशानी से उन्हें कोई लेना-देना नहीं है।

वार्ड में जलजमाव से रहना मुश्किल

हास्पिटल में मरीजों के साथ एक परिजन को रहना है। लेकिन वार्ड में पानी की वजह से उन्हें भी काफी परेशानी हो रही है। कई मरीजों के परिजन तो बैठकर ही रात गुजारने को मजबूर हैं। वहीं पानी के कारण चलना फिरना भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे में परिजन खुद ही बाल्टी से पानी निकालकर फेंक रहे हैं। इसके बाद भी उनकी समस्या कम होने का नाम नहीं ले रही है।

एक टॉयलेट पर 60 से अधिक मरीज

सी-2 वार्ड में 60 से अधिक मरीज एडमिट हैं। लेकिन वार्ड का एक ही टॉयलेट काम कर रहा है। इससे सुबह मरीजों को काफी दिक्कत हो रही है। वहीं दूसरे वार्ड रूम से आना भी मरीजों के लिए बड़ी मुसीबत बना हुआ है। स्थिति यह है कि लोगों को घंटों टॉयलेट खाली होने का इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं कुछ टॉयलेट के दरवाजे भी गायब हो गए हैं। इस वजह से लोग उसका इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं।