खतरे के निशान से महज एक मीटर दूर है बाढ़ का पानी

गुरुवार को घटी जल स्तर में वृद्धि की रफ्तार, फिर भी एलर्ट है प्रशासन

ALLAHABAD: गंगा का पानी गुरुवार सुबह कछारी इलाकों में घुसने से हड़कंप मच गया। ढरहरिया, बघाड़ा, ओम गायत्री नगर, सलोरी, दारागंज आदि इलाकों के सैकड़ों घर डूब गए। बाढ़ का रौद्र रूप देखते हुए यहां के निवासियों ने पलायन करना शुरू कर दिया है। हालांकि, इस बीच दोनों नदियों में पानी बढ़ने की रफ्तार कम हुई है जो राहत भरी खबर है। अधिकारियों का कहना है कि देर रात गंगा-यमुना स्थिर हो जाएंगी और फिर पानी वापस लौटने लगेगा।

दारागंज का संगम से संपर्क टूटा

खतरे के निशान से गंगा महज एक मीटर दूर रह गई हैं। गुरुवार को नदी का पानी दारागंज एरिया के लगभग दो सौ घरों में घुस गया। इससे अफरा तफरी मच गई। स्थानीय निवासियों का कहना था कि तीन साल बाद ऐसी बाढ़ आई है, इसके पहले 2013 में उनके घरों में पानी घुसा था। ढरहरिया, बघाड़ा और सलोरी आदि इलाकों में सुबह सो कर उठे लोगों ने घरों में पानी देखा तो उनके होश उड़ गए। लोगों का कहना था कि इसी तरह पानी बढ़ता रहा तो घर छोड़कर सुरक्षित स्थान पर जाना पड़ेगा। उधर, दारागंज से संगम जाने वाला मार्ग डूब जाने से दोनों स्थानों के बीच संपर्क टूट गया है।

जहां डुबकी लगा लो वहीं संगम

गंगा-यमुना का जलस्तर बढ़ने से संगम का इलाका पूरी तरह डूब गया है। गुरुवार को अन्य शहरों समेत दूसरे राज्यों से आने वाले भक्तों को बड़े हनुमान मंदिर के नजदीक डुबकी लगाकर संतोष करना पड़ा। उन्होंने हर-हर गंगे का उदघोष लगाकर कहा जहां डुबकी लगे, वही संगम है।

कम हुई रफ्तार, मिलेगी राहत

बुधवार तक गंगा और यमुना का जलस्तर प्रति घंटे तीन सेमी की रफ्तार से बढ़ रहा था। गुरुवार को वह घटकर प्रति घंटे एक सेमी रह गया। सिंचाई विभाग बाढ़ प्रखंड के अधिशासी अभियंता मनोज सिंह ने बताया कि देर रात तक दोनों नदियों का जलस्तर स्थिर हो जाएगा और शुक्रवार से पुन: पानी कम होने की उम्मीद है। उन्होंने यह भी माना कि भविष्य में फिर नदियों का पानी बढ़ सकता है। मप्र के केन बेतवा और उत्तराखंड के नरौरा से पानी छोड़े जाने के बाद हालात बिगड़ते हैं। गुरुवार सुबह से शाम तक गंगा में सात और यमुना में आठ सेमी जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

गुरुवार का जलस्तर

खतरे का निशान- 84.734 मीटर

गंगा का जलस्तर- 83.28 मीटर

छतनाग का जलस्तर- 82.75 मीटर

यमुना का जलस्तर- 82.72 मीटर