dehradun@inext.co.in
DEHRADUN: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल सकता है। शीतलहर से भी फिलहाल निजात मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार शाम से पहाड़ों में भारी बर्फबारी और बारिश के आसार बन रहे हैं। जबकि, निचले प्रदेश के कई इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना है।

शीतलहर के आगोश में उत्तराखंड
उत्तराखंड में शीतलहर का प्रकोप जारी है। ठंड ने इन दिनों लोगों की कंपकपी छुड़ा रखी है। इस बीच मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। इससे पहले मंगलवार को उच्च और मध्य हिमालय में बर्फबारी के साथ ही निचले इलाकों में बूंदाबांदी से प्रदेश में कड़ाके ठंड लौट आई। केदारनाथ में अब भी आधा फीट से ज्यादा बर्फ जमा है। इससे पुनर्निर्माण कार्यो में भी अवरोध आया है। इसके अलावा बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में बुधवार देर रात तक बर्फबारी जारी रही। उत्तराखंड के दस शहरों में न्यूनतम तापमान तीन या तीन डिग्री सेल्सियस से भी कम रहा। मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि शनिवार को चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी हिमपात हो सकता है। जबकि, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल और चम्पावत में ओलावृष्टि की संभावना है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में भी खासी गिरावट आई है। कुमाऊं के अल्मोड़ा में पारा फिर शून्य के नीचे पहुंच गया है। अल्मोड़ा प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 1.9 डिग्री नीचे रिकार्ड किया गया। इसके साथ ही चमोली के जोशीमठ में भी यही स्थिति है।