- बुधवार को बदला रहा प्रदेश में मौसम का मिजाज, आज भारी बर्फबारी की संभावना

DEHRADUN: प्रदेश में बुधवार को पहाड़ से लेकर मैदान तक घने बादल छाए रहे। देर शाम चारधाम सहित ऊंची चोटियों पर बर्फबारी शुरू हो गई। मौसम विभाग ने गुरुवार को मैदानी क्षेत्रों में ओलावृष्टि और पहाड़ों में भारी बर्फबारी की आशंका जताई है। जिसके लिए रेड अलर्ट भी जारी किया गया है। अलर्ट को देखते हुए टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, पौड़ी व रुद्रप्रयाग में 12वीं तक के स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।

मैदानों में हो सकती है ओलावृष्टि
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, गुरुवार को मैदानी इलाकों में एक-दो दौर तेज बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर ओले भी गिर सकते हैं। जबकि पर्वतीय इलाकों में भारी बारिश के साथ बर्फबारी होने का अनुमान है। बुधवार को भी दून सहित कई इलाकों में दोपहर के समय हल्की बूंदाबांदी हुई। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि गुरुवार को सुबह से ही पहाड़ी इलाकों का मौसम संवेदनशील रहेगा। इसके लिए रेड अलर्ट जारी किया जा चुका है। शासन ने पहाड़ी क्षेत्र के जिलाधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उधर, बुधवार देर शाम को बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री के अलावा हेमकुंड साहिब, औली, गोरसों में बर्फबारी शुरू हो गई है। उधर, पिथौरागढ़ व बागेश्वर जिले के उच्च हिमालयी क्षेत्र में भारी हिमपात हो रहा है।