नई दिल्ली (पीटीआई)। दिल्ली में मानसून का इंतजार कर रहे लोगों लिए एक बड़ी खबर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक मानसून के पहुंचने में दो से तीन दिनों की देरी हो सकती है। वहीं वेदर फाॅरकास्टर करने वाली स्काईमेट का पूर्वानुमान है कि मानसून को दिल्ली तक पहुंचने में कम से कम एक सप्ताह का समय लग सकता है।  मानसून के 8 जून को केरल तट पर पहुंचने की संभावना है।  

उत्तर पश्चिमी भारत में सामान्य बारिश

वहीं इस संबंध में आईएमडी के क्षेत्रीय मौसम वैज्ञानिक कुलदीप श्रीवास्तव ने अपने पूर्वानुमान में कहा कि सामान्यत: मानसून जून के अाखिरी यानी कि 29 जून तक दिल्ली पहुंच जाता है लेकिन इस बार दक्षिणी प्रायद्वीप में मानसून की शुरुआत में देरी होने के कारण इसके दिल्ली पहुंचने में दो से तीन दिन की देरी हो सकती है । उन्होंने यह भी कि कहा है कि यह अच्छे संकेत हैं कि मानसून की प्रगति में सहायता करने के लिए दक्षिण-पश्चिमी हवाएं और सोमाली जेट स्ट्रीम भी धीरे-धीरे सक्रिय हो रही हैं। इससे मानसून के दौरान उत्तर पश्चिमी भारत में सामान्य बारिश होने की संभावना है।

कम से कम एक सप्ताह लग सकता

स्काईमेट के मौसम विज्ञानी महेश पलावत का कहना है कि मानसून दिल्ली कब पहुंचेगा यह स्पष्ट कहना मुश्किल है। इसे पहुंचने में कम से कम एक सप्ताह लग सकता है। मानसून की शुरुआत के बाद अरब सागर के ऊपर लो प्रेशर की संभावना है। इससे डीप डिपेशन बनेगा। जब भी बंगाल की खाड़ी या अरब सागर में ऐसी कोई स्थिति बनी है तो नमी युक्त हवाएं चारों ओर से चलने लगती हैं और ये मानसून की प्रगति को प्रभावित करती हैं। ऐसे में अरब सागर में लो प्रेशर की वजह से मानसून की प्रगति थोड़ी धीमी हो सकती है। पलावत ने यह भी कहा कि दिल्ली में बारिश सामान्य से कम रहने की संभावना है।

National News inextlive from India News Desk