कानपुर। दक्षिणी-पश्चिमी मॉनसून लगभग दो दिन पहले भारत में केरल तट से टकराकर दस्तक दे चुका है। अब मॉनसून दक्षिणी अरब सागर, लक्षद्वीप के अधिकांश हिस्सों, केरल और दक्षिण तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में तेजी से बढ़ रहा है। अगले 24 घंटों में बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-पूर्व, पूर्व-मध्य और पूर्वोत्तर व पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी व मध्य अरब सागर के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।

आज बारिश से सराबोर रहेंगे ये राज्य

ऐसे में दक्षिणी-पश्चिमी मॉनसून की वजह से बीते दो दिनों से कई राज्य बारिश से सराबोर हो रहे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग पूर्वानुमान के मुताबिक आज भी केरल, तटीय कर्नाटक, दक्षिण कोंकण और गोवा, लक्षद्वीप में भारी होने की आशंका है। इसके अलावा पूर्वोत्तर की बात करें तो यहां भी अगले 3-4 दिनों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने के आसार है। आज भी असम, मेघालय और नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा के कई इलाकों भी भारी बारिश होनी है।

इन राज्यों को अभी गर्मी से नहीं है राहत

वहीं उत्तर भारत में इन दिनों हीटवेव यानी की लू व गर्मी से लोग काफी बेहाल हैं। राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, हरियाणा के दक्षिणी हिस्सों और उत्तर प्रदेश में आज भीषण गर्मी से लोग बेहाल रहेंगे। लू भी थपेड़े भी चलेंगे। इन राज्यों में 12 जून से गर्मी व लू की तीव्रता थोड़ी कम हो सकती है। माैसम वैज्ञानिकों की मानें आज उत्तर भारत में हवाएं भी काफी तेज चलेंगी। हरियाणा, चंडीगढ़ , दिल्ली, पंजाब और पूर्वी राजस्थान में कई जगहों पर भरी आंधी की आशंका है।

National News inextlive from India News Desk