कानपुर। पहाड़ी इलाकों में एक बार फिर बारिश और बर्फबारी के हालात बने हैं। अफगानिस्तान और पश्चिमी हिमालय के इलाकों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से उत्तर भारत के पहाड़ों व मैदानी इलाकों में स्थितियां बिगड़ रही हैं। आज भी पहाड़ों पर बर्फबारी हो सकती है। भारतीय माैसम विभाग के अनुसार सबसे ज्यादा बर्फबारी व बारिश जम्मू-कश्मीर में होने की आशंका है। कल भी यहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

उत्तर भारत के इन इलाकों में कोहरा छाया रहेगा

वहीं मैदानी इलाकों ठंडी हवाएं चलने के अासार हैं। इससे तापमान में गिरावट होगी। इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ ,दिल्ली व उत्तर प्रदेश में आज भी सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा। वहीं पूर्वोत्तर भारत में अरुणाचल प्रदेश में सबसे अधिक कोहरा रहेगा। इसके अलावा असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के भी अधिकांश इलाकों में पूरे दिन हल्की-हल्की धुंध छाई रहेगी।

इन इलाकों में आज भारी बारिश की आशंका

दक्षिण भारत की बात करें तो आज दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर की वजह से अंडमान निकोबार द्वीप समूह और विदर्भ के इलाकों में भारी बारिश की आशंका हैं। मालदीव, लक्षद्वीप, मध्य महाराष्ट्र और आंतरिक कर्नाटक के कुछ इलाकों में माैसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। यहां हवाएं काफी तेज चलेंगी। ऐसे में मौसम वैज्ञानिकों ने तटीय इलाकों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

मौसम : काेहरे की चादर में ढका रहेगा उत्तर व पूर्वाेत्तर भारत, तापमान में जारी रहेगी गिरावट

National News inextlive from India News Desk