- पारा में दर्ज हो रही गिरावट, लो प्रेशर जोन बनते ही होगी बारिश

BAREILLY:

शहर में वेस्टर्न डिस्टर्बेस हावी होने के साथ ही लोगों को तपती गर्मी से हल्की राहत मिलने की शुरुआत हो गई है। यही नहीं, शहर में राहत की बारिश होने की भी संभावना मौसम विभाग ने जताई है। वेदर एक्सपर्ट ने जल्द ही शहर में लो प्रेशर जोन बनते ही आसमान में छा रहे हल्के बादलों से बारिश होने की बात कही है। बताया कि छा रहे बादलों ने तप रहे पारा में करीब 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की है। जिससे हल्की राहत लोगों को मिली है। सैटरडे को शहर के बाहरी इलाकों में बारिश भी हुई, जिससे हवाएं ठंड का अहसास कराती रहीं।

लुढ़कने लगा पारा

पर्वतों में बर्फ पिघलने के साथ ही मैदानों में नमी की मात्रा तेजी से बढ़ी है। अधिकतम नमी 50 परसेंट और न्यूनतम स्तर 30 परसेंट तक पहुंच गया है। जिससे हवाओं में घुली गर्माहट से थोड़ी राहत मिली है। पर आसमान में छाए बादलों के एकजुट न होने से धूप के सीधे जमीन से छूने की वजह से शहर में हाई प्रेशर जोन बना हुआ है। जिसके चलते बारिश नहीं हो पा रही। बारिश के बाद मैक्सिमम और मिनिमम टेम्प्रेचर सामान्य हो जाएगा। जो अधिकतम 34 डिग्री और मिनिमम 15 डिग्री तक दर्ज होगा। वहीं, नमी करीब 70 परसेंट के आस पास रिकॉर्ड की जाने की संभावना है।