- शादी के बाद दोनों ने कराया पंजीकरण, पढ़ाई के दौरान हुआ था प्यार

- परिजनों से जान का खतरा होने की आशंका के चलते मांगी थी सुरक्षा

MANGLORE: प्रदेश में दो समलै¨गकों के शादी रचाने का मामला सामने आया है। रुड़की के मंगलौर में दो युवतियों ने समलैंगिकता को कानूनी अधिकार मिलने के बाद न केवल शादी की, बल्कि इसका पंजीकरण भी करा दिया। नैनीताल हाईकोर्ट के आदेश पर पुलिस ने युगल को सुरक्षा मुहैया कराई है। समलैंगिकता कानून लागू होने के बाद प्रदेश में संभवत: यह पहली शादी है।

पुलिस ने सुरक्षा कराई उपलब्ध

मंगलौर कस्बे के मोहल्ला मलानपुरा निवासी एक युवती (28) कस्बे में कबाड़ी का काम करती है। परिवार में उसकी आठ बहनें हैं। युवती को नवीं कक्षा में पढ़ाई के दौरान मौहल्ले की ही एक लड़की से प्यार हो गया था। वर्तमान में उस लड़की की उम्र 23 साल है। नवीं के बाद दोनों की पढ़ाई छूट गई। इसके बाद दोनों ही आपस में मिलते रहे। परिजनों को उनके रिश्ते का पता चला तो उन्होंने इसका विरोध किया, लेकिन इसके बावजूद दोनों का मिलना-जुलना जारी रहा। पिछले साल देश की सर्वोच्च अदालत की तरफ से समलै¨गकता को कानूनी अधिकार मिलने के बाद नवंबर 2018 में युगल ने शादी रचा ली। कारोबार करने वाली युवती ने शादी से पहले कस्बे में अपना मकान खरीदा। दोनों ने 13 नवंबर को कोर्ट में शादी का पंजीकरण भी करा लिया। परिजनों से जान का खतरा बताते हुए हाईकोर्ट से सुरक्षा मांगी, कोर्ट ने उनके पक्ष में फैसला दिया। हाईकोर्ट के आदेश पर मंगलौर पुलिस ने युगल को सुरक्षा मुहैया करा दी। अब वे पति-पत्नी की तरह कस्बे के मलानपुरा मौहल्ला में रह रहे हैं। पुलिस ने उनके परिजनों को कोर्ट के आदेशों का हवाला दिया है। मंगलौर इंस्पेक्टर गिरीश चंद शर्मा ने बताया कि दोनों ने कानूनी तौर पर शादी की है। दोनों को सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है।