झलवा स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल में हुई मौत, उसी के एसएनसीयू में भर्ती है बच्ची

घर से पोस्टमार्टम हाउस तक मृतका की मौसी ने ससुरालीजनों पर उतारा गुस्सा

ALLAHABAD: घर में नन्हें मेहमान के आने का सभी को इंतजार था। अचानक गर्भवती महिला की हालत बिगड़ गई। कई अस्पताल से निराशा हाथ लगने के बाद परिजनों ने उसे झलवा स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया। प्रसूता ने यहां सातवें माह में ही ऑपरेशन से बच्ची को जन्म दिया। प्रसव के बाद महिला की मौत हो गई। शव लेकर ससुरालीजन घर चले गए। सूचना पर पहुंची महिला की मौसी ने हंगामा खड़ा कर दिया। वह ससुरालियों पर हत्या जैसे आरोप मढ़ने लगी। इस पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। मृतका की मौसी ने यहां भी जमकर हंगामा किया।

कानपुर में है मृतका का मायका

कीडगंज थाना क्षेत्र के सीएमपी डॉट पुल के पास बैरहना निवासी राजन की शादी करीब चार साल पहले कानपुर जिले के छपरा मोहल्ला निवासी कीर्ति उर्फ मेनका से हुई थी। कीर्ति गर्भवती हो गई। घर में खुशी का माहौल था। सभी नन्हे मेहमान का इंतजार कर रहे थे। सातवें माह में कीर्ति की तबीयत खराब हो गई। ससुरालीजन उसे कई अस्पताल में दिखाए। आराम नहीं मिला तो झलवा स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए। यहां उसे भर्ती कर लिया गया। बताते हैं कि बुधवार रात उसकी तबीयत और बिगड़ने लगी। इस पर डॉक्टरों ने सातवें माह में ही ऑपरेशन कर डिलेवरी करा दी। उसने एक बच्ची को जन्म दिया। प्रसव के कुछ देर बाद कीर्ति की मौत हो गई। ससुरालीजन शव लेकर घर चले गए। सूचना पर पहुंची मृतका की मौसी ससुरालियों पर हत्या व इलाज में लापरवाही जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस में भी उसकी मौसी ने जमकर हंगामा किया। बच्ची अस्पताल के एसएनसीयू में भर्ती है।