और पति ही निकला किडनैपर

बदायूं रोड पर संडे को कुछ कार सवार लोगों द्वारा एक महिला की किडनैपिंग की सूचना से पूरे एरिया में सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने किसी तरह से महिला को आरोपियों के चंगुल से बचाया। पुलिस ने कार सवारों का पीछा किया और लोगों की मदद से आरोपियों को पकड़ भी लिया। पूछताछ में सामने आया कि महिला को उसका पति ही अपने साथियों के साथ जबरन कार में खींच कर ले जा रहा था। सुभाषनगर पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।  

पब्लिक ने की पुलिस की मदद

वारदात के वक्त अपहरण का प्रयास करने वाले आरोपियों को देखकर खलील ने शोर मचाया। खलील द्वारा शोर मचाने पर रास्ते से गुजर रहे मंजूर, अनीस, मढ़ीनाथ चौकी इंचार्ज गजेंद्र त्यागी ने भी कार का पीछा करना शुरू कर दिया। चौपुला के पास कार को पकड़ लिया गया। पुलिस ने सभी को मौके से अरेस्ट कर लिया। पुलिस गिरफ्त में आए आरोपियों के नाम राजपाल, मनसुख, वीरेंद्र, उमेश व जायलो का ड्राइवर जितेंद्र है। सभी बदायूं के रहने वाले हैं। राजपाल, मुन्नी देवी का पति है।  

चौकी में हुआ था समझौता

राजपाल की पत्नी मुन्नी देवी अगस्त 2010 में घर छोड़कर चली गई थी। जब इस बात की सूचना राजपाल को मिली तो उसने अपने ससुर उजागर सिंह को बताया। सभी को संडे करगैना चौकी में समझौते के लिए बुलाया गया था। चौकी में समझौता हुआ कि मुन्नी या तो अपने पति या फिर अपने पिता के साथ रहेगी। चौकी से निकलने के बाद मुन्नी ने अपने पति के साथ जाने से इंकार कर दिया। मुन्नी के इंकार करने पर राजपाल ने अपने साथियों के साथ उसे जबरन कार में डालकर ले जाने का प्रयास किया। कार द्वारा महिला के अपहरण की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मढ़ीनाथ चौकी इंचार्ज गजेंद्र त्यागी का कहना है कि मामला पति-पत्नी के विवाद का लग रहा है। लेकिन जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया उसके हिसाब से सभी आरोपियों को अरेस्ट कर जेल भेजा जा रहा है। मामले में पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कार सवारों का पीछा करने वालों ने भी अच्छा काम किया नहीं तो बड़ी वारदात हो जाती।

कार का किया पीछा

घटना संडे दोपहर करीब दो बजे की है। सुभाषनगर थाना की करगैना चौकी अंतर्गत बदायूं रोड पर बालाजी मंदिर के पास अचानक मुन्नी देवी को छह लोगों ने जायलो कार में खींच लिया और चलते बने। मुन्नी देवी के शोर मचाने पर मौके पर मौजूद लोगों ने उसे कार सवार लोगों की चंगुल से बचा लिया। भीड़ ने एक व्यक्ति को भी मौके से पकड़ लिया। भीड़ को देखकर बाकी कार सवार वहां से भागने लगे। लेकिन इसी दौरान बाइक से आ रहे नगर निगम के चौकीदार खलील ने कार का पीछा करना शुरू किया और शोर भी मचाया।

छेड़खानी करने पर शोहदे को सिखाया सबक

बदमाशों से अब पब्लिक ने ही मोर्चा लेना शुरू कर दिया है। कंपनी गार्डन से पहले नेशनल हाईवे पर एक बाइक सवार ने बाइक से जा रही दो युवतियों के साथ छेड़खानी की। छेड़खानी का जब भाई ने विरोध किया तो बाइक सवार ने उससे झगड़ा करना शुरू कर दिया। इस पर पीछे से बाइक पर चल रहे लड़कियों के मां-बाप ने आरोपी को पकड़ लिया। जमकर हाथापाई हुई। इसी दौरान बाइक सवार के साथी कार से आ गए और उसे छुड़ाकर कार में अपने साथ ले गए। लेकिन बाइक मौके पर ही छूट गई। पुलिस बाइक बरामद कर उसके नंबर से आरोपी की तलाश में जुट गई है।

बदायूं से वापस लौटे थे

शहदाना निवासी आदिल (नेम चेंज्ड) कांधरपुर में जूनियर हाई स्कूल में टीचर हैं। वह अपनी पत्नी, बेटा व दो बेटियों के साथ बदायूं से शादी में शामिल होकर बरेली लौटकर आए। संडे रात वह चौकी चौराहे पर उतरे। वहां से आदिल ने अपनी बाइक पर पत्नी को बिठाया और उनके बेटे की बाइक पर दोनों बेटियां बैठकर घर जा रही थीं। कुछ दूर चलने पर ही बुलेट बाइक पर सवार एक युवक ने लड़कियों से छेड़खानी करनी शुरू कर दी। इसका आदिल के बेटे ने विरोध किया तो युवक ने झगड़ा करना शुरू कर दिया। इसपर पीछे चल रही आदिल व उसकी पत्नी ने युवक को पकड़ लिया। युवक ने उनके गले में दुपट्टे का फंदा लगाने का प्रयास किया। लेकिन उन्होंने युवक को पकड़ लिया। इसी दौरान उसके साथी मारुती कार में आए और उसे बचाकर ले गए।