पारा पहुंचा 48.5 डिग्री सेल्सियस, सदी में कभी कभार ही हुआ है ऐसा

रविवार को देश के सर्वाधिक गर्म स्थानो में एक रहा इलाहाबाद

इससे पहले वर्ष 1994 को 48.4 डिग्री तक पहुंचा था पारा

ALLAHABAD: छुट्टी के दिन रविवार को सूरज ऐसा तमतमाया कि पूरा शहर धधक उठा। आसमान से ऐसी आग बरसी की लोग घरों में दुबक गये। जो दोपहर में घर से बाहर निकले वे भी ज्यादा देर टिक नहीं सके और घर जल्दी पहुंचने की दौड़ भाग में लगे रहे। रविवार को सिटी का टेम्परेचर 48.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यही नहीं रविवार सुबह का मिनिमम टेम्परेचर 30.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

न दिन में चैन न रात कट सकी

गौरतलब है कि यह साल 2017 का अब तक का सबसे गर्म दिन है। इससे पहले 30 मई 1994 को अधिकतम तापमान 48.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। मौसम विज्ञान के जानकारों का कहना है कि बीते 100 सालों में इतना अधिक तापमान यदा कदा ही रिकार्ड किया गया है। बहरहाल, रविवार को इलाहाबाद का तापमान देश के सर्वाधिक गर्म कुछ चुनिंदा स्थानो में शामिल हुआ है। इससे लोगों को न दिन में चैन मिला और न ही रात सुकून में कट सकी।

बाक्स

2:30 बजे सबसे ज्यादा गर्माहट

बम्हरौली एयर स्टेशन के मेट सेक्शन से मिली जानकारी के मुताबिक 48.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दोपहर के 2:30 बजे रिकार्ड किया गया है। बता दें कि पिछले दो दिनो से सिटी का तापमान लगातार तेजी से बढ़ रहा है। इससे जून में अभी तक उमस भरी पसीने वाली गर्मी शबाब पर नहीं पहुंच सकी है। तापमान थोड़ा कम होने और नमी बढ़ने पर पसीने से तरबतर करने वाली गर्मी देखने को मिलेगी।

पारे की चाल

04 जून- 48.5, 30.6

03 जून- 46.9, 30.0

02 जून- 44.0, 29.9

01 जून- 42.4, 30.5

31 मई- 41.0, 28.9

30 मई- 40.8, 27.9

(नोट- अधिकतम और न्यूनतम तापमान डिग्री सेल्सियस में पढ़ें)

सैटरडे के बाद दिन का अधिकतम तापमान रविवार को भी सर्वोच्च स्तर तक पहुंचा। अगर जल्द ही मौसम में बदलाव नहीं हुआ तो अगले एक दो दिनो में पारा और अधिक हो सकता है। ऐसा हुआ तो लोगों के स्वास्थ्य और आम जनजीवन पर गहरा असर देखने को मिलेगा। इस समय खासा एलर्ट रहने की जरूरत है।

प्रोफेसर एआर सिद्दकी,

ज्योग्राफी डिपार्टमेंट इलाहाबाद यूनिवर्सिटी