- चिलुआताल में राजगीर की हत्या का मामला - सर्विलांस की मदद से पुलिस ने प्रेमी और पत्नी को किया अरेस्ट GORAKHPUR: चिलुआताल के रहने वाले राजगीर मिस्त्री की हत्या पत्नी ने अपने प्रेमी से करवाई थी। सर्विलांस की मदद से पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त हथियार भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। दोनों ने हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है। पहले से था प्रेम संबंध चिलुआताल पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि क्षेत्र के कड़जहां, सिहोरवा बाजार निवासी 35 वर्षीय हनीफ राजगीर मिस्त्री का काम करता था। जगतबेला निवासी मो। रज्जाक ठेके पर काम लेकर हनीफ को काम दे देता था। हनीफ की पत्नी सायरा खातून और मो। रज्जाक के बीच पहले से प्रेम संबंध था। हनीफ को काम दिलाने के चलते वह अक्सर उसके घर आने जाने लगा। इससे उनका प्रेम परवान चढ़ गया। हनीफ की गैर मौजूदगी में वह मिलने लगे। इस बीच हनीफ की एक जमीन फोरलेन में पड़ गई जिसके उसे 25 लाख रुपए मिले। हनीफ ने बैंक में पत्नी के साथ संयुक्त खाता खोलकर पूरी रकम जमा कर दी। रास्ते से हटाने को बनाया प्लान रज्जाक और सायरा इस रकम को हड़पना चाहते थे। इसलिए दोनों ने अपने बीच से हनीफ को हटाने का प्लान बनाया। रज्जाक ने एक नया सिम लिया और 23 नवंबर को दिल्ली चला गया। उसने पहले ही दिल्ली जाने की जानकारी सभी को दे दी थी। दिल्ली पहुंचकर उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया। फिर 26 नवंबर को वह दिल्ली से निकला। 27 नवंबर को खलीलाबाद आकर उतर गया। जहां से पीपीगंज पहुंच उसने चिउटहां पुल के पास नया सिम मोबाइल में लगाया। तब तक अंधेरा हो चुका था। करमहिया बंधे के पास पहुंच उसने हनीफ के मोबाइल पर फोन कर उसे रिसीव करने के बहाने बुलाया। हनीफ के पहुंचने पर उसने उसे गांजा पिलाया। नशा होने पर ईंट से सिर पर प्रहार कर मौत के घाट उतार दिया। वारदात को दुर्घटना की शक्ल देने के लिए उसने हनीफ को बाइक पर लिटा कर उसकी लाश को बंधे के नीचे ढकेल दिया। मोबाइल और कपड़े पर खून के छींटे लगने से उन्हें रामपुर पुल से नदी में फेंक दिया। उसपर कोई शक नहीं कर सके इसलिए वह वापस दिल्ली चला गया। दिल्ली पहुंच उसने हमेशा प्रयोग करने वाले मोबाइल को ऑन किया और सबसे जल्दी घर आने की बात कही। उधर, 28 नवंबर सुबह हनीफ का शव मिलने पर पुलिस उसके भाई शरीफ की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच में जुट गई। छानबीन और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने हत्या के आरोप में मो। रज्जाक और मृतक की पत्‍‌नी सायरा को शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।