पुलिस के शिकंजे में आई संजय की पत्नी ने कबूल किया अपना शातिराना गुनाह

भाड़े के शूटरों से की थी अपने ही सुहाग को मिटाने का सौदा

ALLAHABAD: नवाबगंज में हलवाई संजय मौर्या पर कातिलाना हमला करवाने वाली उसकी नई-नवेली पत्नी ही थी। घटना की तफ्तीश में जुटी पुलिस ने रविवार को परत-दर-परत मामले का खुलासा किया। पुलिस लाइन में मीडिया के सामने संजय की पत्नी ने अपना गुनाह कबूल किया। उसने स्वीकार किया कि संजय उसे पसंद नहीं था। उसने ही चाचा के साथ मिल कर उसकी हत्या की सुपारी दी थी। तीन बदमाशों ने 24 अगस्त को नवाबगंज के मुनौव्वरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग वाराणसी कानपुर के मिंडारा मोड़ पर हत्या के इरादे से संजय को गोली मारी थी। पुलिस ने मामले में महिला यानी संजय की पत्नी समेत उसके चाचा व दो अन्य अभियुक्तों को गिरफ्तार लिया है।

परिवार के दबाव में की थी शादी

गिरफ्तार नीता ने बताया कि परिवार वालों ने उसकी शादी संजय से जून 2017 में जबरन करवा दी थी। जबकि संजय उसे पसंद नहीं था। यही वजह थी कि वह मायके चली गई और वहीं रहने लगी। संजय से यह उसकी दूसरी शादी थी। ससुराल जाने के लिए मायके वालों के दबाव पर वह संजय के साथ रहने लगी। फिर भी पति संजय के प्रति उसके मन में बैठी मैल साफ नहीं हो सका। इसी बीच महिला ने अपने चाचा शिवपूजन के साथ मिलकर पति संजय के कत्ल की साजिश रच डाली। हालांकि गोली लगने के बाद भी संजय बाल-बाल बच गया।

डेढ़ लाख में डील, 50 हजार एडवांस

चाचा शिवपूजन के साथ मिल कर नीता ने पति की हत्या के लिए डेढ़ लाख रुपए में चफरी गांव निवासी शातिर क्रिमिनल गुड्डू घोड़ा से डील की। एडवांस के रूप में उसने 50 हजार रुपए दिए। संजय मौर्या हलवाई का काम करता था, लिहाजा वह किसी के भी बुलाने पर कहीं भी पहुंच जाता था। इसी बात का फायदा उठाते हुए घटना वाले दिन संजय को एक पार्टी में ऑर्डर देने के नाम पर कानपुर-वाराणसी राजमार्ग पर शातिर ने बुलाया। उसके वहां पहुंचते ही गुड्डू ने साथी सुनील कुमार सरोज, अरमान के साथ मिलकर उसे गोली मार दी और तीनों वहां फरार हो गए। एसपी ने बताया कि घटना से पहले गुड्डू ने संजय का मोबाइल गांव की याबुल की दुकान से चोरी कर लिया था। पुलिस चोरी गए उसके मोबाइल के बारे में जानकारी की तो अभियुक्तों तक पहुंच गई। गुड्डू ने उस मोबाइल को यूज करने के साथी सुनील सरोज को दे दिया था। सुनील उस मोबाइल को यूज कर रहा था। संजय को गोली लगने के बाद किसी को शक न हो, इस लिए हमला करवाने वाली उसकी आरोपी पत्नी अस्पताल से वापस घर तक संजय की सेवा का दिखावा करती रही।