- 200 रुपये की स्प्रे पेंट से 60 लाख की गाडि़यों को खराब किया

- राजीव नगर थाने के अम्बेदकर नगर के चंद्र कुटीर अपार्टमेंट की घटना

- सात गाडि़यों पर स्क्रैच भी मारा, थाना पहुंचे फ्लैटियर

PATNA : राजीव नगर थाना एरिया के अम्बेदकर नगर के चंद्र कुटीर अपार्टमेंट की पार्किंग में लगी सात गाडि़यों को पेंट स्प्रे मारकर खराब कर दिया गया। इन गाडि़यों में फोर्ड इंडेवर, रेनो डस्टर, वर्ना सहित कई कीमती कार हैं। सुबह जब लोग जगे तो देखा कि उनकी गाडि़यों पर पेंट से डिजाइन बने हुए हैं। यही नहीं बुरी तरह से स्क्रैच मार दिया गया। सबसे पहले सुबह करीब छह बजे चंद्र कुटीर में ही रहने वाले विनोद कुमार ने देखा। विनोद इरिगेशन डिपार्टमेंट में असिस्टेंट इंजीनियर है। इनकी वैगन आर कार पर पेंट किया गया था। इसके अलावा अपार्टमेंट में ही रहने वाले मनीष कुमार वर्मा, संजय कुमार, राजीव रंजन झा, राजीव रंजन, रामजी वर्मा और माह्नवी की कार को खराब किया गया है।

कोई अपना ही हो सकता है

आईडिया में सीनियर मैनेजर मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि इस काम में अपार्टमेंट का ही कोई हो सकता है। घटना को रात में ही अंजाम दिया गया है जबकि उस वक्त चारों ओर से गेट बंद होता है। कोई आता जाता नहीं। पहचान करने की जरूरत है। विनोद कुमार ने बताया कि अपार्टमेंट का गार्ड राम विनय था जिससे पूछने पर कुछ नहीं बताया। वह भी सो रहा था। सुबह में वह भाग गया। गार्ड की एजेंसी के मैनेजर को भी इसकी जानकारी दी गई है। माह्नवी ने बताया कि कुछ महीने पहले ही उन लोगों ने डस्टर गाड़ी खरीदी थे। उसे बिल्कुल ही खराब कर दिया गया है। जिन गाडि़यों पर पेंट मारा गया है उनकी कीमत करीब म्0 लाख बताई जा रही है। अपार्टमेंट के लोगों ने बताया कि कोई सिरफिरा ही हो सकता है जो ऐसी हरकत कर सकता है। एक साथ इतनी गाडि़यों पर गुस्सा निकालने का मतलब क्या है। थिनर से भी साफ करने की कोशिश की गई मगर पेंट नहीं छूटा।

लोगों की शिकायत पर कंप्लेन दर्ज की गई है। यह किसी सिरफिरे की करतूत लगती है। उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

- राजीव कुमार, प्रभारी थानाध्यक्ष, राजीव नगर