- चौरी चौरा थाना क्षेत्र के बिलारी के पास मिला महिला का शव

- नाक, कान के पास थे खून के धब्बे, शव की नहीं हो पाई शिनाख्त

MUNDERA BAZAR: चौरीचौरा थाना क्षेत्र के बिलारी के धुस पर रविवार को एक महिला का शव मिला। शव की स्थिति से अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला की हत्या की गई है और फिर उसका शव फेंक दिया गया है। महिला के कान, नाक से खून बहने के निशान हैं। खून के धब्बे सूख गए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देर शाम तक महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई थी।

शव के ऊपर था कंबल

बिलारी के धुस पर कुछ लोगों ने कंबल ओढे एक अधेड़ महिला को लेटे देखा। काफी देर तक एक ही स्थिति में होने पर लोगों को संदेह हुआ। पास जाकर देखने पर पता चला कि उसकी मौत हो गई थी। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से महिला का शिनाख्त कराने की कोशिश की लेकिन लोगों ने उसे पहचानने से इनकार कर दिया। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला कहीं बाहर की है, जिसकी हत्या कर यहां शव फेंक दिया गया और फिर ऊपर से कंबल डाल दिया गया।

बहा था खून

महिला के नाक, कान से खून निकलने के धब्बे थे। इससे अंदाजा लगाया गया कि उसकी पिटाई की गई होगी। जिससे खून बहा होगा। महिला के शरीर पर सफेल रंग की ब्लाउज, पेटीकोट थी। उसकी साड़ी गायब थी। उसके कपड़े देखकर लोगों का यह भी कहना था कि वह कोई भीख मांगने वाली हो सकती है।