पति की शिकायत पर महिला थाने ले आई पुलिस

आगरा। पति से प्रताडि़त पत्‍‌नी द्वारा की गई दूसरी शादी उसके लिए गले की फांस बन गई। पति की शिकायत पर पूछताछ के लिए लाई गई पत्‍‌नी को पुलिस पिछले 15 दिन से महिला थाने में बैठी है। इतना ही नहीं पत्‍‌नी के साथ उसके दो मासूम बच्चों को भी सजा काटनी पड़ रही है।

महिला ने की दूसरी शादी

बिहार निवासी सीमा (काल्पनिक नाम) का विवाह तीन साल पहले अछनेरा निवासी गोविंद के साथ हुई थी। सीमा के अनुसार उसका पति उसके साथ मारपीट करता था। तंग आकर वह दो साल पहले अपनी एक नवजात बेटी को लेकर मायके चली गई। एक साल बाद तक जब उसका पति उसे लेने नहीं पहुंचा तो उसने दूसरी शादी इटावा निवासी व्रजकिशोर के साथ कर ली। इस बात का पता जब उसके पहले पति को चला तो उसने ब्रजकिशोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी।

बच्चों सहित पहुंची थाने

पुलिस महिला को मजिस्ट्रेट बयान के लिए पिछले 15 दिन से महिला थाने में बैठाए हुए है। सीमा के साथ पहले पति से जन्मी एक अपाहिज बेटी और दूसरे पति से जन्मा एक छह माह का मासूम भी सजा काट रहा है।

महिला थाने में बिगड़ गई हालत

सीमा ने बताया कि यहां आकर उसके दोनों बच्चों की हालत बिगड़ने लगी है। कई बार महिला सिपाहियों से आग्रह किया गया लेकिन उसकी ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। महिला मुंशी भी अपने आप को बेबस बताकर छोड़ने से इंकार कर रही हैं।