-पटमदा थाना क्षेत्र के बांसगढ़ का है मामला

JAMSHEDPUR: जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में डायन के संदेह में हत्या का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। नया मामला पटमदा थाना क्षेत्र के बांसगढ़ का है। यहां डायन के संदेह में बहू माला सिंह ने अपनी सास पुष्पा सिंह (45 वर्ष) की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पटमदा पुलिस ने आरोपित बहू और उसके पति प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। घटना मंगलवार देर रात की है।


सपने में आते थे भगवान

पुलिस को पूछताछ में माला सिंह ने बताया कि सपने में उसे ठाकुर (भगवान) आते थे। ठाकुर ने कहा कि सास डायन है। तुम्हे जीने नहीं देगी। इसके बाद उसने सास को कमरे से निकाला। लाठी-डंडे से तब तक पीटती रही जब तक कि सास की मौत नहीं हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वारदात की जांच पड़ताल में जुट गई। मालूम हो कि छह मार्च को ही डायन बताकर महिला हुर्डिग मंडल और 23 मार्च को सुंदरनगर में महिला साकरो हांसदा की हत्या सुंदरनगर में कर दी गई थी।