RANCHI: डायन कहकर हत्या करने के मामले में नामकुम पुलिस ने बुधवार को 10 आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से कुर्की का आदेश प्राप्त कर लिया है। पुलिस की तैयारी है कि आज आरोपियों के ्िखलाफ सघन अभियान चलाते हुए कुर्की तामीला किया जाए। बुधवार को भी गांव में पुलिस ने भीषण छापेमारी अभियान चलाया, लेकिन पूरे गांव में केवल 4 मर्द ही मिले। अन्य सारे लोगों के जंगल की तरफ जाने की सूचना के बाद पुलिस खूंटी पुलिस के सम्पर्क में है और आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।

गोलबंद हो रहे स्थानीय लोग

यह मामला ग्राम पंचायत से संबंधित है और पूरा गांव इसको लेकर गोलबंद हो रहा है। आशंका जतायी जा रही है कि पुलिस यदि ग्रामीणों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करती है, तो पुलिस के साथ भी ग्रामीण खूंटी और सिमडेगा जैसी घेराबंदी कर सकते हैं।

पत्थलगढ़ी का मास्टरमाइंड भी आरोपी

कांड का मास्टरमाइंड माना जाने वाला आनन्द मुंडा पत्थलगढ़ी की कई घटनाओं में लीडर रह चुका है। आनंद के प्रभाव में गांव के आलावा आसपास के कई गांवों के ग्रामीण भी हैं और यह पुलिस के लिए बड़ी चुनौती मानी जा रही है।

इनके खिलाफ कुर्की आदेश

आनंद मुंडा, राहडी मुंडा, सागर मुंडा, डिब्बा मुंडा, मंगरा मुंडा, हरसिंह मुंडा, मांगोल मुंडा, सनिका मुंडा, लुगा मुंडा, लोहरा सिंह मुंडा।