- मकान के किराए को लेकर हुआ विवाद

- मारपीट अन्य आधा दर्जन लोग घायल

Meerut: लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की जाकिर कालोनी में किराए के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। जिसमें एक पक्ष द्वारा गोली चलाए जाने पर महिला घायल हो गई। साथ ही अन्य आधा दर्जन परिवार के सदस्य घायल हो गए। निकटवर्ती चौकी पर ताला लटका हुआ देख, स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

सात माह से नहीं दिया था किराया

जाकिर कालोनी में जहीर का मकान है। जिसे रहीशूद्दीन सात माह पहले किराए पर लिया था। आरोप है कि सात माह से एक भी माह का किराया रहीशूद्दीन ने नहीं दिया। इसको लेकर आज जहीर व उसके बेटे किराया मांगने पहुंचे थे। जिसको लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। जिसमें रहीशूद्दीन, उसका बेटा अरबाज, आशिफ, इमरान घायल हो गए।

महिला को लगी गोली

इसी बीच जहीर के बेटे फुरकान ने तमंचे से गोली चला दी। गोली रहीशूद्दी की पत्‍‌नी मोमीना के सिर को छूते हुए निकल गई। आनन-फानन में महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही अन्य घायलों को भी उपचार के लिए प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया।

किया हंगामा

कालोनी के पीछे ही फतेउल्लापुर चौकी है। जब पीडि़त चौकी पर शिकायत करने गया तो उस पर ताला लटका मिला। जिसको देखकर स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। इसी बात को लेकर वहां जमकर हंगामा किया गया। हालाकि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और एक आरोपी को हिरासत में ले लिया।

वर्जन

मकान का किराया न देने पर विवाद हुआ था। जिसमें एक पक्ष ने फायरिंग कर दी थी। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। साथ ही एक युवक को हिरासत में लिया गया है।

चंद्रभान यादव, इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट थाना

--