- चिलुआताल एरिया के डोहरिया बाजार की घटना

- बाजार से लौट रही थी मेहरबान की पत्‍‌नी आशिया

GORAKHPUR: चिलुआताल एरिया में सरेराह युवक ने महिला की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। महिला बाजार कर पैदल घर लौट रही थी। पुलिस का कहना है कि महिला से रुककर आरोपी ने कुछ देर तक बात की। फिर हमला कर फरार हो गया। महिला से उसकी पुरानी जान पहचान थी।

बाजार से लौट रही महिला पर हमला

चिलुआताल के भिटनी निवासी मेहरबान अली की पत्नी आशिया खातून गुरुवार को डोहरिया बाजार करने गई थी। सामान खरीदकर वह पैदल घर लौट रही थी। रास्ते में शादी के पूर्व का एक परिचित युवक महिला से मिल गया। कुछ देर तक वह महिला से बात करता रहा। इसके बाद अचानक चाकू निकालकर हमला कर दिया। युवक की हरकत से आसपास के लोग भी दंग रह गए।

हमला कर भागा पूर्व परिचित

महिला पर हमला कर आरोपित भाग निकला। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस और परिजनों को दी। गंभीर हाल महिला को अस्पताल पहुंचाने का कोई इंतजाम हो पाता। इसके पहले महिला की मौत हो गई। पुलिस की जांच में युवक की पहचान नसीब अली के रूप में हुई। लोगों ने पुलिस को बताया कि महिला के साथ युवक की जान पहचान थी। साथ छोड़कर दूसरे संग शादी करने से नाराज होकर युवक ने महिला पर हमला किया था। महिला चार बच्चों की मां थी। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।