- भूमि विवाद में मारपीट होने पर पुलिस ने नहीं की थी कार्रवाई

- केरोसिन तेल डालते ही मचा हड़कंप, प्रकरण की जांच शुरू

GORAKHPUR: पुलिस की कार्यप्रणाली से आजिज आकर कुशीनगर की उर्मिला देवी (55) ने मंगलवार की दोपहर एडीजी दफ्तर परिसर में खुदकुशी की कोशिश की। महिला ने शरीर पर जैसे ही केरोसिन डाला हड़कंप मच गया। आनन फानन में मौजूद पुलिस वालों ने उसके हाथों से माचिस छीनी और महिला को कार्यालय में बैठाया। शोर सुनकर एडीजी दावा शेरपा भी दफ्तर से बाहर आ गए और फिर प्रकरण सुनने के बाद जांच का आदेश दिया।

महिला को घर से निकाल दिया था पति

कुशीनगर के अहिरौली के सुम्माटाड़ गांव निवासी वेग लाल का पत्‍‌नी उर्मिला से भूमि विवाद है। उर्मिला के मुताबिक पति कॉपरेटिव में कुर्की अमीन हैं। पति का भाभी से अनैतिक संबंध होने की वजह से डेढ़ बीघा खेत भाभी को दे दिए। उस समय उर्मिला फरियाद लेकर थाने पहुंची तो पुलिस ने उसकी मदद कर झोपड़ी डलवा दी। जिसके बाद वो जमीन में खेती भी करने लगी। उर्मिला अपने एकलौते बेटे संतोष के साथ रहती है। आरोप है कि 11 मार्च को पति चार-पांच लोगों के साथ आए और मारपीट कर हत्या की धमकी देकर बाहर निकाल दिए। इसके बाद से ही उर्मिला पिपराइच स्थित अपने मायके में रहती है और फरियाद लेकर कई बार थाने गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई थी।

महिला की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई का आदेश दिया गया है। पुलिस ने इस प्रकरण में कार्रवाई क्यों नहीं की इसकी भी जांच का एसपी कुशीनगर को निर्देश दिया गया है।

दावा शेरपा, एडीजी