चेन स्नेचिंग की कोशिश में बदमाश को दूर तक खदेड़ा

फिर पब्लिक ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया बदमाश

आगरा। महिला दिवस से एक दिन पहले हर महिला के लिए दो महिलाएं हिम्मत की नजीर बन गई। दोनों महिलाएं आपस में देवरानी-जिठानी हैं। इन्होंने खुद घायल होने के बावजूद एक चेन स्नेचर को धूल चटा दी। घायल देवरानी को हॉस्पिटल में एडमिट किया है, जबकि बाइक सवार बदमाश को लोगों ने सबक सिखाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

क्लीनिक से लौट रही थीं

मामला थाना रकाबगंज के ईदगाह कॉलोनी का है। ओल्ड ईदगाह कॉलोनी निवासी शिप्रा जैन पत्‍‌नी प्रशांत जैन सोमवार की शाम अपनी देवरानी मोना जैन पत्‍‌नी सुशांत जैन निवासी हन्ना वाली गली, छीपीटोला के साथ शाहगंज में एक डॉक्टर के क्लीनिक पर गई थी। वहां से लौटने के दौरान मोना स्कूटी चला रही थी। शिप्रा पीछे बैठी थीं। जैसे ही वह ईदगाह चाचा पैलेस के पास आई, वैसे ही नीली पल्सर सवार बदमाश ने निशाना बना लिया।

बदमाश को गिराया

बदमाश ने पीछे से आकर पीछे बैठी शिप्रा की चेन पर झपट्टा मारा। झपट्टा मारते ही शिप्रा ने बदमाश का कॉलर पकड़ लिया। शिप्रा ने उसका कॉलर खींच दिया। दोनों की गाडि़यां डिस्बैलेंस होकर गिर गई। बदमाश ने दोनों के साथ हाथापाई कर दी, लेकिन शिप्रा ने कॉलर नहीं छोड़ा। मोना ने भी बदमाश को पकड़ लिया। महिलाओं ने शोर मचा दिया।

लोगों ने घेरे बदमाश

शोर सुन मौके पर भीड़ जमा हो गई। लोगों को जब पता चला कि नीचे गिरा युवक लुटेरा है तो पब्लिक ने उसे पकड़ लिया। भीड़ ने पहले उसे सबक सिखाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बदमाश को हवालात का रास्ता दिखा दिया। बदमाश का नाम अनीश पुत्र सलीम निवासी सुल्तानपुरा बताया गया है।

देवरानी के पैर में लगी चोट

स्कूटी से गिरने पर मोना के पैर में तेज चोट लगी थी। पहले तो परिजनों ने नॉर्मल चोट माना बाद में पैर सूजने लगा तो डॉक्टर को दिखाया। डॉक्टर ने पैर में फ्रैक्चर बताया। इसके बाद उन्हें निजि हॉस्पिटल में एडमिट किया गया। दोनों के पति गाइड हैं। दोनों देवरानी जिठानी ने अंतराष्ट्रीय महिला दिवस से पहले महिलाओं के सामने बहादुरी की मिशाल दी है।