agra@inext.co.in
AGRA : थाना फतेहाबाद के गांव नगला गड़रिया में रविवार को दिलदहलाने वाली घटना सामने आई। पति से विवाद पर पत्नी तीन बच्चों के साथ फंदे पर लटक गई। इनमें चार महीने का मासूम भी शामिल था। खेत पर काम कर रहे परिजन जब तक घर पहुंचे तो सभी की मौत हो चुकी थी। मृतका के परिजनों ने ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। एसएसपी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पति-पत्नी में हुआ था झगड़ा
फतेहाबाद के गांव नगला गड़रिया निवासी 30 वर्षीय ममता पत्नी प्रमोद कुमार की शादी आठ साल पहले हुई थी। दम्पत्ति के तीन बच्चे थे। इनमें पांच वर्षीय जुनू, चार वर्षीय रंजीत व चार महीने का अजीत था। घर में दम्पत्ति के अलावा ससुर जंगजीत, सास सूरजमुखी के अलावा ममता की ननद हसीना रहती हैं। पति व ससुर किसान हैं। खेती से ही परिवार का खर्चा चलता है। रविवार दोपहर ममता ने अजीत के लिए बाजार से निप्पल लाने के लिए रुपये मांगे। पर इस पर पति ने मना कर दिया। इस पर दोनों में विवाद हो गया। देर तक झगड़ा चलता रहा। इसके बाद परिवार के सभी लोग खेत पर काम करने चले गए। घर पर ममता और उसके तीनों बच्चे रह गए।

फंदे पर लटके दिखे बच्चे
शाम सवा चार बजे सास व ननद घर लौटे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। दोनों ने खिड़की से अंदर झांका तो परिजनों की चीख निकल गई। तीनों बच्चे लोहे के जाल से फंदे पर लटके हुए थे। शोर सुन आसपास के लोग पहुंच गए। खेत से प्रमोद और उसके पिता भी आ गए। लोगों ने किसी तरह दरवाजा तोड़ा और अंदर गए। अंदर ममता बरामदे में साड़ी का फंदा बना कर लटकी हुई थी। प्रमोद ने बच्चों और पत्नी को लटका देखा तो उनसे लिपट पड़ा। सभी को नीचे उतारा, लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी।

हर कोई था हैरान
तीन मासूमों के साथ फंदे पर लटकी हुई मां को देख हर कोई स्तब्ध रह गया। लोगों की समझ में नहीं आ रहा था कि ममता ने इतना बड़ा कदम कैसे उठा लिया। क्या बच्चों को फंदे पर लटकाते हुए उसके हाथ नहीं कांपे होंगे। बच्चों से लगाव रखने वाली महिलाएं भी बच्चों की मौत पर आंसू बहा रहीं थीं।

नहीं पता था इतना कुछ हो जाएगा
लोगों को विश्वास नहीं हो रहा था कि छोटी सी बात को लेकर हुए झगड़ा इतना बड़ा रूप ले लेगा। लोगों के मुताबिक प्रमोद की आर्थिक स्थिति भी इतनी खराब नहीं है। बताते हैं कि उसके पास करीब 100 बीघा खेत है साथ ही दो ट्रैक्टर भी हैं। फिर भी निप्पल के लिए झगड़ा किसी के गले नहीं उतर रहा है।

दहेज मांगने का लगाया आरोप
फीरोजाबाद पहाड़पुर से ममता के पिता मुन्ना लाल व भाई पप्पू व मटरे पहुंच गए। परिजनों ने प्रमोद पर दहेज मांगने का आरोप लगाया है। उनका कहना था कि प्रमोद उसे दहेज के लिए प्रताडि़त करता है। उसकी शादी में बोलेरो दहेज में दी थी फिर भी अतिरिक्त दहेज की डिमांड कर रहा था। इस बात को लेकर भी झगड़ा होता था।

मौके पर पहुंचे अधिकारी
ग्राम प्रधान देव लाल वर्मा की सूचना पर एसएसपी अमित पाठक तीन थानों के फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने चारों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे। मौके पर फोरेंसिक टीम पहुंच गई। टीम ने मौके पर जांच की। पुलिस मामले में मायका पक्ष के तरफ से तहरीर का इंतजार कर रही है।