- बरेली जंक्शन का अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर स्पेशल तोहफा

- जंक्शन पर रहेगा महिलाओं का दबदबा

बरेली -

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बरेली जंक्शन प्रशासन ने कुछ अलग करने की ठान ली है। बरेली जंक्शन पर फ्राइडे यानि आज पूरा जंक्शन महिलाओं के हवाले कर दिया जाएगा। टिकट विंडो से लेकर ट्रेन में लोको पायलट की सीट पर भी महिलाएं नजर आएंगी। बरेली से चलने वाली ऊना हिमांचल एक्सप्रेस ट्रेन को भी महिलाओं के हवाले कर दिया है। रेलवे इस बार दिखाना चाहता है कि ऐसा कोई काम नहीं है जो महिलाएं कर नहीं सकती। आइए बताते हैं कि आज जंक्शन पर महिलाओं की एक्टिविटी कैसी रहेगी और किस जगह पर कितनी महिलाओं को तैनात किया गया है।

ऊना हिमांचल एक्सप्रेस पर

सीएमआई राकेश कुमार ने बताया कि ऊना हिमांचल एक्सप्रेस जिसे बरेली-दिल्ली एक्सप्रेस भी बोल सकते हैं। यह ट्रेन बरेली से दोपहर 2:10 बजे रवना की होती है। उसे चलाने के लिए दो महिला लोको पायलट को तैयार किया गया है। इसमें एक लोको पायलट और दूसरी असिस्टेंट के रूप में काम करेंगी। साथ ही ट्रेन में गार्ड की जिम्मेदारी भी एक महिला को दी गई है। ट्रेन में टिकिट चेकिंग के लिए दो महिला टीसी को तैनात किया गया है।

स्टेशन पर भी महिलाओं का दबदवा

ऐसा नहीं है कि सिर्फ ट्रेन पर ही महिलाओं का दबदवा रहेगा। स्टेशन की सुरक्षा की बात हो या फिर यात्रियों को किसी भी तरह की कोई जानकारी लेनी हो, हर जगह आज आपका पाला सिर्फ महिलाओं से ही पड़ने वाला है। कुल मिलाकर ट्रेन से लेकर जंक्शन तक पूरे दिन महिलाएं जिम्मेदारी संभालती दिखाई देंगी। स्टेशन मास्टर, टोकन पोर्टर भी आज महिलाएं होंगी। इसके साथ ही रिजर्वेशन काउंटर के लिए 4 महिला और टिकट विंडो के लिए तीन, सेकंड एंट्री टिकट काउंटर पर एक, इंक्वायरी काउंटर पर दो, स्टेशन चेकिंग के लिए दो और पार्सल काउंटर की जिम्मेदारी संभालने के लिए तीन महिलाओं को सिलेक्ट किया गया है।

सीनियर डीसीएम करेंगी निगरानी

सीएमआई राकेश ने बताया कि सभी महिलाओं कर्मचारियों को कंट्रोल करने के लिए भी महिला सीनियर डीसीएम को चुना गया है। सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा पहले सभी महिलाओं के वर्क को ऑ‌र्ब्जब करेंगी और बाद में सभी महिला अधिकारियों को सम्मानित करके उनकी हौंसला अफजाई भी करेंगी।

पुरुष कर्मचारी भी रहेंगे डयूटी पर

ऐसा नहीं है कि वीमेन डे पर पुरुष कर्मचारियों को छुट्टी दे दी जाएगी। पुरुष कर्मचारी भी अपनी-अपनी ड्यूटी पर रहेंगे, लेकिन उनकी जगह काम महिला कर्मचारी ही करेंगी। यदि किसी भी तहर की कोई समस्या आती है तो उसके लिए पुरुष कर्मचारियों का सहारा लिया जा सकता है।

एक नजर में

- 2 महिला लोको पायलट

- 1 महिला गार्ड

- 4 महिला चेकिंग स्टाफ

- 1 एएसएम यानि असिस्टेंट स्टेशन मास्टर

- 2 महिला टोकन पोर्टर

- 4 महिला रिजर्वेशन काउंटर और चार्टिग काउंटर पर

- 3 महिलांए टिकट विंडो पर

- 1 महिला सेकंड एंट्री टिकट काउंटर पर

- 2 महिलाएं इंक्वायरी काउंटर पर

- 2 महिलाएं चेंकिंग स्टाफ पर

- 3 महिलाएं पार्सल काउंटर पर

ब्लॉक की वजह से खारिज करना पड़ा ट्रेन का प्लान

अचानक से मेगा ब्लाक आते ही रेलवे को अपना स्पेशल ट्रेन का प्लान खारिज करना पड़ा। सीएमआई ने बताया कि अब यह ट्रेन बरेली से न चलकर मुरादाबाद से चलाई जाएगी। बाकी का पूरे प्रोग्राम में कोई बदलाव नहीं किया गया है।