आगरा। हाईवे पर ट्रक ने मां-बेटी को चपेट में ले लिया। महिला की मौके पर मौत हो गई जबकि अबोध बच्ची चोटिल हो गई। थाना सिकंदरा स्थित अरसैना निवासी 25 वर्षीय मनीता पति ओमवीर के साथ बाइक से आठ माह की बच्ची को लेकर आगरा आई थीं। रामबाग के पास एक अस्पताल में वे किसी परिचित को देखने आई थीं। यहीं उनकी मां फीरोजाबाद के रामपुर से आई थीं। शाम चार बजे मनीता मां को हाईवे के दूसरी ओर छोड़कर दूसरी साइड में बाइक लेकर खड़े पति के पास जा रही थीं।

ट्रक ने अचानक से लिया चपेट में

बेटी उनकी गोद में थी। इसी बीच फीरोजाबाद की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उनको चपेट में ले लिया। मनीता की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बेटी दूर जाकर गिर पड़ी, जिससे उसकी जान बच गई। बेटी के पैर में चोट थी। पति बाइक छोड़कर मौके पर पहुंचे और बेटी को उठा लिया। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया।

समझा कर लोगों को किया शांत

दुर्घटना को लेकर लोगों ने गुस्सा था। रॉयल कट पर फ्लाइओवर बनने से वाहनों की गति यहां कट पर बढ़ गई है। इसको लेकर लोगों में आक्रोश था। पुलिस ने समझाकर उन्हें शांत कराया। करीब एक घंटे बाद हाईवे से जाम खुल सका।