-बैरक में पहुंचते ही महिला बंदियों ने बोला हमला

-जेल में करवटें बदलती बीती पति के हत्यारोपी की रात

GORAKHPUR: कैंट एरिया के विशुनपुरवा में पति विक्की उर्फ विवेक सिंह के मर्डर में जेल गई सुषमा सोमवार रात सो नहीं पाई। महिला बंदियों के बीच उसकी रात करवटें बदलने में बीत गई। बैरक में पहुंचते ही महिला बंदियों ने उस पर हमला कर दिया था। रात में उसके साथ कोई अनहोनी न हो जाए। इस बात का डर भी उसे सताता रहा। मंगलवार सुबह सुषमा को साफ-सफाई के काम में लगा दिया गया। दिनभर वह बैरक अन्य बंदी महिलाओं की दिनचर्या जानने में लग रही। इस दौरान उसे पता लगा कि उसके बैरक में 15 ऐसी महिलाएं बंद हैं, जिन पर पति की हत्या का आराेप लगा है।

अर्चना संग खाया खाना

शनिवार रात विशुनपुरवा निवासी विवेक सिंह उर्फ विक्की की हत्या उसकी पत्‍‌नी सुषमा ने प्रेमी डब्लू और अन्य साथियों संग मिलकर कर दी थी। पति के हत्या के आरोप में सोमवार को पुलिस ने महिला और उसके दो सहयोगियों को कोर्ट के आदेश पर जेल भेजा। जेल में दाखिल होने के बाद सुषमा जब बैरक में पहुंची तो महिला बंदी उस पर टूट पड़ीं। पति की हत्या करने के मामले में उसे कई थप्पड़ मारे। हालांकि कुछ महिला बंदियों ने उसका बीच बचाव किया। बाद में पति और बेटे की हत्या के आरोप में बंद अर्चना संग उसकी जान पहचान हो गई। रात में भोजन न मिलने पर सुषमा ने अर्चना संग भोजन किया।

जेल में प्रेमी से मुलाकात की जताई इच्छा

सुषमा से मिलने के लिए कोई नहीं आया। परिजनों का इंतजार करने के बाद उसने डब्लू सिंह से मिलने की इच्छा जताई। नियमानुसार जेल के भीतर उनको मुलाकात की इजाजत नहीं दी जा सकती है। इसलिए जेल प्रशासन ने दोनों के मिलने पर रोक लगा दी। अर्चना और अन्य महिलाओं ने उसे बताया कि पेशी की तारीख का इंतजार करना होगा। पेशी के दौरान ही आपस में बातचीत हो पाएगी। सलाखों के भीतर सिर्फ पति-पत्‍‌नी का मिलने की इजाजत दी जाती है। उधर, पूर्व में जेल में रहे डब्लू का नेटवर्क डेवलप होने की आशंका में जेल प्रशासन उसे किसी अन्य जेल में शिफ्ट करने की सिफारिश कर सकता है।

वर्जन

जेल के भीतर सुषमा की दिनचर्या सामान्य रही। मंगलवार को उसने बैरक में झाड़ृ लगाया। अर्चना और अन्य बंदी महिलाओं संग उसकी दोस्ती हो गई है।

एसके शर्मा, वरिष्ठ जेल अधीक्षक