RANCHI: रांची पुलिस ने महिला सुरक्षा को लेकर गर्ल स्टूडेंट्स के बीच शक्ति एप्प से संबंधित जानकारियां देते हुए उन्हें जागरूक किया। साथ ही उनके मोबाइल में एप्प डाउनलोड कर उनकी सुरक्षा सुदृढ़ करने का भी प्रयास किया। इस क्रम में सरकुलर रोड स्थित न्यूक्लियस मॉल और वीमेंस कॉलेज में अभियान चलाया गया। सार्जेट मेजर सह शक्ति एप्प के इंचार्ज टीके झा के नेतृत्व में दोनों ही स्थानों पर शोहदों को खदेड़ा गया। साथ ही जोरदार डांट भी पिलाई गई। अभियान में लगाई गई टीम में खासकर ट्रेंड कमांडोज को लगाया गया, जिन्होंने गर्ल स्टूडेंट्स को विस्तार से सारी जानकारियां मुहैया कराई।

कई महीनों से लगा रही गश्त

महिलाओं के साथ छेड़खानी और हिंसा के मामलों का हल निकालने के लिए पिछले कई महीनों से शक्ति कमांडो शहर में गश्त लगा रही है। लड़कियों और महिलाओं की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए जागरूक कर रही हैं। महिलाओं से अपील भी की है की आपको किसी तरह की परेशानी हो, तो तुरंत 100 डायल करें या शक्ति एप्प की मदद लें।

महिला मामलों की एक्सपर्ट महिला कमांडोज

महिलाओं के साथ होने वाले अपराध को कंट्रोल करने में सहयोग कर रही महिला कमांडोज को महिलाओं से संबंधित मामलों में एक्सपर्ट ट्रेनिंग दी गई है। साथ ही महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए जागरूक कर रही हैं। शक्ति कमांडो द्वारा महिलाओं और गर्ल स्टूडेंट्स को शक्ति एप्प की जानकारी दी जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर कैसे शक्ति एप्प का प्रयोग करना है। कमांडो द्वारा ऑन द स्पोर्ट शक्ति एप्प का डेमो करके भी बताया जा रहा है ।