पति की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज

MAU: बकरी चराने गई महिला की मऊ में पड़ोसियों ने पीट-पीट कर हत्या कर दी। मंगलवार की देर रात गांव के पास जंगल में उसका शव मिलने से हड़कंप मच गया। पति की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद हत्या का केस दर्ज कर लिया है।

बकरी चराने गई थी महिला

मऊ थाना क्षेत्र के कनभै गांव निवासी बच्चा लाल की तीस वर्षीय पत्‍‌नी माया देवी मंगलवार को पास के जंगल में बकरी चराने गई थी। वहीं पास में ही उसका पति भी काम कर रहा था। बताते हैं कि जंगल में ही पीट-पीट कर महिला की हत्या कर दी गई गई। जब वह देर शाम तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी खोजने के बाद जंगल में उसका शव पाया गया। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

जांच में जुटी पुलिस

मामले की सूचना महिला के पति ने पुलिस को दी। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक उसके पति की तहरीर पर चुन्ना, पौरा, पिथई समेत कुल पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना के पीछे जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद बताया जा रहा है। कुछ दिन पूर्व उसके पति से आरोपियों ने जमीन के मसले को लेकर विवाद किया था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।