- झंगहा थाना क्षेत्र के बरही डीहघाट की घटना

- रांची का युवक ईट भट्ठा पर था मजदूर, दोपहर में कर ली आत्महत्या

JHANGHA: झंगहा थाना क्षेत्र की रिपोर्टिग चौकी बरही अंतर्गत डीहघाट में एक ईट भट्ठा मजदूर ने गुरुवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोपहर में युवक का शव पास स्थित पेड़ से लटकता दिखा। इसकी सूचना लोगों ने 100 नंबर पर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मजदूर की पत्‍‌नी ने थाने में आत्महत्या की सूचना दी है।

परिवार के साथ रहता था

डीहघाट में श्याम मोहन राय का ईट भट्ठा है। भट्ठे पर स्थानीय मजदूरों के साथ ही बाहर के भी मजदूर रहकर काम करते हैं। रांची के भरना तीराडीह निवासी फागू उरांव (35) पुत्र दूजा उराव भी गांव के कई मजदूरों के साथ ईट भट्ठे पर रहकर काम कर रहा था। भट्ठे पर ही उसके तीन बच्चे और पत्‍‌नी भी रहते हैं। पत्‍‌नी भी उसके साथ काम करती थी।

गमछे का बनाया फंदा

गुरुवार को दोपहर करीब 3.30 बजे भट्ठे के बगल में स्थित आम के पेड़ से लटकता उसका शव दिखा तो सनसनी फैल गई। फागू पेड़ पर चढ़ गया था और अपने गमछे का फंदा बनाकर पेड़ से कूद गया। पेड़ सूनसान जगह पर है इसलिए किसी की नजर नहीं पड़ी। जब तक लोग पहुंचे तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शोर होने पर भागे-भागे ईट भट्ठा के मजदूर भी पहुंचे तो उसकी पहचान हुई। फिर उसकी पत्‍‌नी को सूचना दी गई।

100 नंबर पर सूचना

पहचान होने के बाद 100 नंबर पर लोगों ने सूचना दी तो मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने युवक को फंदे से नीचे उतरवाया। फागू की पत्‍‌नी यमुना से पुलिस ने बात की। उसने पुलिस को बताया कि पति ने आत्महत्या की है। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पत्‍‌नी यमुना देवी ने आत्महत्या की बात कही है। सूचना दर्ज कर ली गई है।

- अनिल यादव, थानाध्यक्ष, झंगहा