GAMHARIA: औद्योगिक क्षेत्र गम्हरिया स्थित चंदूका रोलिंग मिल में बीते शुक्रवार की रात ड्यूटी के दौरान पेट में गर्म लोहे की रॉड घुसने से बड़ा गम्हरिया निवासी बिरजू शर्मा नामक कामगार गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रबंधन ने उसे टाटा मुख्य अस्पताल भेजवाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर, सूचना पर टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचे परिजनों व साथियों ने कंपनी प्रबंधन पर कामगारों की सुरक्षा में लापरवाही बरतने का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। साथ ही मुआवजे की मांग को लेकर मृतक बिरजू का शव लेने से इंकार कर दिया।

साढ़े आठ लाख मुआवजा

शनिवार को दिनभर गहमा-गहमी के बाद अंतत: परिजन व श्रमिक त्रिपक्षीय वार्ता के लिए तैयार हुए। वार्ता के दौरान मृतक के आश्रितों को 8.50 लाख रुपये बतौर मुआवजा व मृतक की पत्नी को नौकरी देने पर सहमति बनी। प्रबंधन की ओर से आठ लाख रुपये का चेक व पचास हजार रुपये नकद मृतक के अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को प्रदान किए गए। इसके बाद परिजन शव लेने को तैयार हुए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।